भारतीय ग्राहक अब फोन खरीदते समय बैटरी, ड्यूरेबिलिटी और आफ्टर-सेल्स सपोर्ट को दे रहे हैं ज्यादा महत्व

CMR स्टडी के मुताबिक भारतीय ग्राहक अब स्मार्टफोन खरीदते समय बैटरी लाइफ, ड्यूरेबिलिटी और भरोसेमंद आफ्टर-सेल्स सपोर्ट को ज्यादा महत्व दे रहे हैं।

CMR की नई स्टडी के मुताबिक भारतीय स्मार्टफोन यूजर्स अब सिर्फ फीचर्स और कीमत नहीं, बल्कि बैटरी लाइफ, ड्यूरेबिलिटी और भरोसेमंद आफ्टर-सेल्स सर्विस को खरीदारी का अहम आधार मान रहे हैं।

Tech: भारत में स्मार्टफोन खरीदने का ट्रेंड तेजी से बदल रहा है। CMR की नई स्टडी के अनुसार, ग्राहक अब केवल हाई स्पेसिफिकेशन्स और कम कीमत पर ध्यान नहीं दे रहे, बल्कि लंबे समय तक स्थिर परफॉर्मेंस, बैटरी लाइफ और भरोसेमंद आफ्टर-सेल्स सपोर्ट को ज्यादा महत्व दे रहे हैं। रिपोर्ट बताती है कि ड्यूरेबिलिटी अब ब्रांड लॉयल्टी और खरीदारी के फैसलों में बड़ा रोल निभा रही है।

स्मार्टफोन खरीदने के फैसले में ड्यूरेबिलिटी बनी बड़ा फैक्टर

साइबरमीडिया रिसर्च (CMR) की नई स्टडी में सामने आया है कि भारतीय ग्राहक अब स्मार्टफोन खरीदते समय लंबे समय तक चलने वाली परफॉर्मेंस को प्राथमिकता दे रहे हैं। सर्वे के मुताबिक, 87 प्रतिशत यूजर्स का मानना है कि ड्यूरेबिलिटी सीधे तौर पर इस बात को प्रभावित करती है कि वे किसी ब्रांड के साथ बने रहेंगे या नया ब्रांड चुनेंगे।

रिपोर्ट में बैटरी लाइफ सबसे अहम फैक्टर बनकर सामने आई। करीब 87 प्रतिशत लोगों ने भरोसेमंद बैटरी परफॉर्मेंस को जरूरी बताया, जबकि 84 प्रतिशत यूजर्स ने कॉल क्वालिटी को महत्वपूर्ण माना।

बैटरी और बिल्ड क्वालिटी से जुड़ी समस्याएं बनी चिंता

स्टडी के अनुसार, समय के साथ बैटरी परफॉर्मेंस का कमजोर होना ग्राहकों के लिए बड़ी परेशानी है। लगभग 70 प्रतिशत लोगों ने इसे ब्रांड बदलने की प्रमुख वजह बताया। वहीं, 60 प्रतिशत यूजर्स खराब बिल्ड क्वालिटी से परेशान नजर आए।

CMR ने यह भी बताया कि कई यूजर्स अब केवल नए फीचर्स या कम कीमत की बजाय ऐसे स्मार्टफोन चाहते हैं जो लंबे समय तक बिना दिक्कत के काम करें। रिपोर्ट में सामने आया कि 59 प्रतिशत लोग मजबूत बिल्ड क्वालिटी को अहम मानते हैं, जबकि 47 प्रतिशत यूजर्स अच्छे आफ्टर-सेल्स सपोर्ट को जरूरी मानते हैं।

युवा यूजर्स के लिए बदल रही है ड्यूरेबिलिटी की परिभाषा

सर्वे में शामिल Gen Z और युवा ग्राहकों के लिए ड्यूरेबिलिटी का मतलब सिर्फ मजबूत बॉडी नहीं रह गया है। उनके लिए स्मूद सॉफ्टवेयर, स्टेबल कनेक्टिविटी, लगातार अच्छी बैटरी लाइफ और बिना लैग वाला डेली एक्सपीरियंस ज्यादा मायने रखता है।

रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि हार्डवेयर समस्याएं अभी भी आम हैं। करीब 28 प्रतिशत यूजर्स ने स्क्रीन डैमेज की शिकायत की, जबकि इतने ही लोगों ने पानी से फोन खराब होने की बात कही। वहीं, 27 प्रतिशत यूजर्स ने ओवरहीटिंग की समस्या का सामना किया।

CMR के मुताबिक, 10,000 रुपये से कम कीमत वाले स्मार्टफोन सेगमेंट में itel ने ड्यूरेबिलिटी इंडेक्स में सबसे बेहतर प्रदर्शन किया। इसके बाद Samsung और Vivo का स्थान रहा।

Leave a comment