सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए जनवरी 2026 में बड़े मौके सामने आए हैं। इंडिया पोस्ट GDS में 28,740 पदों पर भर्ती होगी, जबकि राजस्थान में RIICO के 98 पद और RSSB के तहत 804 लैब असिस्टेंट पदों पर आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
Government Jobs 2026: जनवरी के आखिरी सप्ताह में केंद्र और राज्य स्तर पर कई बड़ी भर्तियों का ऐलान किया गया है, जिसमें इंडिया पोस्ट GDS भर्ती 2026, राजस्थान RIICO और RSSB लैब असिस्टेंट भर्ती शामिल हैं। यह भर्तियां देशभर में खासतौर पर उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और राजस्थान में की जा रही हैं और आवेदन प्रक्रिया 27 से 31 जनवरी 2026 के बीच शुरू होगी। इसका मकसद सरकारी विभागों में खाली पदों को भरना और युवाओं को रोजगार के नए अवसर देना है, जिससे प्रशासनिक और तकनीकी सेवाएं मजबूत की जा सकें।
इंडिया पोस्ट GDS भर्ती 2026
इंडिया पोस्ट ग्रामीण डाक सेवक (GDS) भर्ती 2026 का नोटिफिकेशन 31 जनवरी को जारी किया जाएगा, जिसके साथ ही आवेदन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इस भर्ती के तहत देशभर के 23 राज्यों में कुल 28,740 पद भरे जाएंगे। इनमें सबसे ज्यादा वैकेंसी महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश में रखी गई हैं।
इस भर्ती में 10वीं पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। चयन पूरी तरह मेरिट के आधार पर होगा, यानी किसी लिखित परीक्षा की जरूरत नहीं होगी। उम्मीदवारों को संबंधित राज्य की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन करना होगा।

राजस्थान RIICO भर्ती 2026
राजस्थान राज्य औद्योगिक विकास और निवेश निगम (RIICO) ने भर्ती 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती के जरिए जूनियर इंजीनियर (JE), असिस्टेंट अकाउंट्स ऑफिसर (AAO) समेत कुल 98 पदों पर नियुक्ति की जाएगी।
इन पदों के लिए आवेदन की अंतिम तारीख 20 फरवरी 2026 तय की गई है। यह भर्ती उन उम्मीदवारों के लिए अहम मानी जा रही है, जो राजस्थान में टेक्निकल और फाइनेंस सेक्टर में सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे हैं।
राजस्थान लैब असिस्टेंट भर्ती
राजस्थान स्टाफ सिलेक्शन बोर्ड (RSSB) ने लैब असिस्टेंट के 804 पदों पर भर्ती की तैयारी पूरी कर ली है। इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 27 जनवरी 2026 से शुरू होगी और अंतिम तारीख 25 फरवरी 2026 रहेगी।
यह भर्ती खास तौर पर 12वीं पास युवाओं के लिए सुनहरा मौका है, क्योंकि इसमें बड़ी संख्या में पद उपलब्ध हैं और प्रतियोगिता अपेक्षाकृत कम रहने की संभावना है।









