निवेश पर शुरुआत में मुनाफा दिखाया गया, लेकिन पैसे निकालने की कोशिश पर और रकम मांगी गई। शक होने पर प्रिंसिपल ने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Haryana: करनाल निवासी सुखदेव सिंह, जो शाहाबाद के एक सरकारी स्कूल में प्रिंसिपल हैं, साइबर ठगी का शिकार हो गए। उन्होंने पुलिस को बताया कि दिसंबर महीने में उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक लड़की का मैसेज आया।
लड़की ने खुद को निवेश सलाहकार बताया और ऑनलाइन ट्रेडिंग के जरिए अच्छा मुनाफा दिलाने का भरोसा दिया। बातचीत के दौरान उसने एक वेबसाइट लिंक भेजा और कहा कि इस प्लेटफॉर्म पर निवेश करने से कम समय में ज्यादा फायदा होगा। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और प्रिंसिपल उसकी बातों में आ गए।
फर्जी ऐप के जरिए कराया निवेश
लड़की ने m.xtbmarteav.cc नामक वेबसाइट के माध्यम से पैसा लगाने की सलाह दी। उसने एक मोबाइल नंबर भी दिया, जिस पर रकम ट्रांसफर करनी थी। सुखदेव सिंह ने पहले छोटी रकम निवेश की। कुछ दिनों बाद उनके अकाउंट में मुनाफा दिखाया गया। इससे उनका भरोसा और बढ़ गया।
![]()
इसके बाद उन्होंने अपने और अपनी पत्नी के बैंक खाते से करीब दो महीने में कुल 24 लाख रुपये अलग-अलग किश्तों में बताए गए खातों में ट्रांसफर कर दिए। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उन्हें लगातार बढ़ता हुआ मुनाफा दिखाया जाता रहा।
विड्रॉल के समय खुला फर्जीवाड़ा
करीब दो महीने बाद जब उन्होंने अपने पैसे निकालने की कोशिश की तो एक भी रुपया विड्रॉल नहीं हो सका। इस पर उन्होंने उस लड़की से संपर्क किया।
लड़की ने कहा कि पैसे निकालने के लिए पहले कमीशन और टैक्स के नाम पर अतिरिक्त रकम जमा करनी होगी। साथ ही, पैसा जमा न करने पर अकाउंट ब्लॉक करने की धमकी भी दी गई। यहीं से उन्हें शक हुआ कि उनके साथ धोखाधड़ी हुई है।
साइबर क्राइम पोर्टल पर दर्ज कराई शिकायत
सुखदेव सिंह ने तुरंत राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि ठग सोशल मीडिया के जरिए लोगों से संपर्क कर उन्हें फर्जी निवेश योजनाओं में फंसाते हैं।
शुरुआत में थोड़ा मुनाफा दिखाकर भरोसा जीतते हैं और बाद में बड़ी रकम ठग लेते हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनजान लोगों के कहने पर किसी भी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म में निवेश न करें और पहले उसकी सत्यता की जांच जरूर करें।








