इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने अप्रेंटिस के 335 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। 10वीं-ITI, डिप्लोमा और ग्रेजुएशन योग्य उम्मीदवार 4 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
नई दिल्ली: इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) ने देश के विभिन्न राज्यों में अप्रेंटिसशिप पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। आवेदन 5 अक्टूबर 2026 से शुरू हुए हैं और इच्छुक अभ्यर्थी 4 नवंबर 2026 शाम 5 बजे तक ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। इस भर्ती में चयन परीक्षा और इंटरव्यू के बिना किया जाएगा।
10वीं-ITI से ग्रेजुएशन तक के उम्मीदवार कर सकते हैं आवेदन
IOCL Apprentice Recruitment 2026 में ट्रेड, टेक्नीशियन और ग्रेजुएट अप्रेंटिस के पद शामिल हैं। ट्रेड अप्रेंटिस पदों के लिए उम्मीदवार का मैट्रिक पास होने के साथ 2 वर्षीय पूर्णकालिक ITI उत्तीर्ण होना जरूरी है। टेक्नीशियन अप्रेंटिस पदों के लिए संबंधित इंजीनियरिंग डिसिप्लिन में 3 वर्षीय डिप्लोमा होना चाहिए।

ग्रेजुएट अप्रेंटिस पदों के लिए अभ्यर्थी के पास संबंधित क्षेत्र में फुल टाइम ग्रेजुएशन डिग्री होनी चाहिए। इसके अलावा 30 सितंबर 2026 को आधार मानते हुए उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 24 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार ऊपरी आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
4 नवंबर तक कर सकते हैं आवेदन
IOCL की इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 5 अक्टूबर 2026 से शुरू हो चुकी है। उम्मीदवार 4 नवंबर 2026 शाम 5 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अलग-अलग अप्रेंटिस पदों के लिए संबंधित पोर्टल पर आवेदन करना होगा।
ट्रेड अप्रेंटिस और डाटा एंट्री ऑपरेटर पदों के लिए उम्मीदवार Apprenticeship India पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। टेक्नीशियन और ग्रेजुएट अप्रेंटिस के लिए NATS पोर्टल पर आवेदन करना होगा। भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए उम्मीदवार IOCL Apprentice Recruitment 2026 Notification PDF देख सकते हैं।
बिना परीक्षा और इंटरव्यू के होगा चयन
इस भर्ती की खास बात यह है कि उम्मीदवारों के चयन के लिए किसी परीक्षा या इंटरव्यू का आयोजन नहीं किया जाएगा। योग्यता के आधार पर शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को डॉक्युमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया में शामिल होना होगा। चयनित अभ्यर्थियों की अप्रेंटिसशिप अवधि एक वर्ष की होगी और ट्रेनिंग के दौरान उन्हें स्टाइपेंड भी दिया जाएगा।
335 अप्रेंटिस पदों पर भर्ती
IOCL की ओर से जारी भर्ती के अनुसार कुल 335 रिक्त पदों पर अप्रेंटिस की नियुक्ति की जाएगी। इनमें टेक्नीशियन अप्रेंटिसशिप के 99 पद, ट्रेड अप्रेंटिस के 40 पद, ग्रेजुएट अप्रेंटिस के 140 पद और ट्रेड अप्रेंटिस (डाटा एंट्री ऑपरेटर) के 20 पद शामिल हैं।
इच्छुक और योग्य उम्मीदवार आवेदन करने से पहले अपनी शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और संबंधित पद की पात्रता को ध्यान से जांच लें। आवेदन प्रक्रिया पूरी करने से पहले अभ्यर्थियों को आधिकारिक नोटिफिकेशन में दिए गए सभी नियम और शर्तें पढ़ने की सलाह दी गई है।
IOCL Apprentice Recruitment 2026 से जुड़ी जानकारी और आवेदन के लिए उम्मीदवार IndianOil की आधिकारिक वेबसाइट iocl.com पर विजिट कर सकते हैं।











