IPL 2028 Mega Auction: 40 करोड़ में रिटेन होने की मांग, स्टार खिलाड़ियों ने बढ़ाई फ्रेंचाइजियों की टेंशन

IPL 2028 Mega Auction: स्टार खिलाड़ियों ने रिटेन होने के लिए 40 करोड़ रुपये की मांग की है। एक खिलाड़ी ने कप्तानी की शर्त भी रखी। जानें पूरा मामला और

आईपीएल 2028 के मेगा ऑक्शन से पहले खिलाड़ियों की रिटेंशन फीस को लेकर चर्चा तेज हो गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, कम से कम दो बड़े खिलाड़ी अपनी टीम से 40 करोड़ रुपये चाहते हैं। इतनी रकम नहीं मिलने पर वे नीलामी में उतर सकते हैं। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

स्पोर्ट्स डेस्क: आईपीएल में अब बड़े खिलाड़ियों को अपने साथ बनाए रखना फ्रेंचाइजियों के लिए महंगा सौदा हो सकता है। अगले मेगा ऑक्शन से पहले कुछ स्टार खिलाड़ियों ने अपनी कीमत बढ़ाने की मांग रखी है। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, कम से कम दो खिलाड़ियों ने अपनी टीमों से रिटेन होने के बदले 40 करोड़ रुपये की रकम मांगी है। 

अगर टीम इतनी रकम देने को तैयार नहीं होती है, तो ये खिलाड़ी ऑक्शन में अपना नाम दे सकते हैं। बताया जा रहा है कि इनमें एक खिलाड़ी कप्तानी भी चाहता है। हालांकि, अभी किसी खिलाड़ी का नाम सामने नहीं आया है और न ही फ्रेंचाइजियों ने इस बारे में कोई बयान दिया है।

40 करोड़ नहीं मिले तो ऑक्शन में जाएंगे खिलाड़ी?

आईपीएल में किसी बड़े खिलाड़ी को टीम से जोड़ने के लिए फ्रेंचाइजियां पहले भी करोड़ों रुपये खर्च करती रही हैं। लेकिन अब चर्चा 40 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि कुछ खिलाड़ी पुराने कॉन्ट्रैक्ट से कहीं ज्यादा रकम चाहते हैं। बताया जा रहा है कि कम से कम दो बड़े खिलाड़ियों ने अपनी फ्रेंचाइजियों के सामने यह मांग रखी है। उनका मानना है कि अगर वे नीलामी में उतरते हैं, तो कई टीमें उन्हें खरीदने के लिए बोली लगा सकती हैं। ऐसे में उनकी कीमत मौजूदा कॉन्ट्रैक्ट से ज्यादा हो सकती है।

एक खिलाड़ी के बारे में यह भी कहा जा रहा है कि वह बड़ी रकम के साथ कप्तानी की जिम्मेदारी चाहता है। हालांकि, मामला अभी बातचीत तक ही सीमित बताया जा रहा है। इसलिए यह कहना जल्दबाजी होगी कि संबंधित खिलाड़ी अपनी मौजूदा टीम छोड़ देंगे।

ऋषभ पंत और श्रेयस अय्यर को मिली थी बड़ी रकम

IPL 2028 Mega Auction: 40 करोड़ में रिटेन होने की मांग, स्टार खिलाड़ियों ने बढ़ाई फ्रेंचाइजियों की टेंशन

आईपीएल की नीलामी में पहले भी कुछ खिलाड़ियों को उम्मीद से ज्यादा रकम मिल चुकी है। साल 2025 के मेगा ऑक्शन में ऋषभ पंत और श्रेयस अय्यर की बोली ने सबका ध्यान खींचा था। ऋषभ पंत पहले दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा थे। टीम से अलग होने के बाद उन्होंने मेगा ऑक्शन में हिस्सा लिया। लखनऊ सुपर जायंट्स ने उन्हें 27 करोड़ रुपये में खरीदा। उस नीलामी में पंत आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए थे।

वहीं, कोलकाता नाइट राइडर्स की कप्तानी कर चुके श्रेयस अय्यर भी 2025 के ऑक्शन में उतरे थे। पंजाब किंग्स ने उन्हें 26.75 करोड़ रुपये देकर अपनी टीम में शामिल किया। इन दोनों खिलाड़ियों की भारी कीमत के बाद यह चर्चा होने लगी थी कि बड़े नामों को नीलामी में उतरने पर अच्छा फायदा मिल सकता है। अब 40 करोड़ रुपये की मांग की खबर को भी इसी नजरिए से देखा जा रहा है। हालांकि, नीलामी में किस खिलाड़ी को कितनी रकम मिलेगी, इसका पहले से अंदाजा लगाना आसान नहीं है।

150 करोड़ का पर्स मिला तो टीमों के सामने क्या मुश्किल होगी?

आईपीएल में हर फ्रेंचाइजी को खिलाड़ियों पर खर्च करने के लिए एक निश्चित रकम मिलती है। इसी बजट से टीम को अपने पुराने खिलाड़ी रिटेन करने और नीलामी में नए खिलाड़ी खरीदने होते हैं। साल 2025 के मेगा ऑक्शन में फ्रेंचाइजियों का पर्स 120 करोड़ रुपये था। वहीं, 2027 के लिए यह रकम 130 करोड़ रुपये निर्धारित की गई थी।

अब रिपोर्टों में कहा जा रहा है कि आईपीएल 2028 के मेगा ऑक्शन में पर्स बढ़कर लगभग 150 करोड़ रुपये हो सकता है। हालांकि, बीसीसीआई की तरफ से इस रकम की अंतिम पुष्टि नहीं हुई है। मान लीजिए किसी टीम को 150 करोड़ रुपये का पर्स मिलता है और वह अपने एक खिलाड़ी को ही 40 करोड़ रुपये में रिटेन कर लेती है। ऐसी स्थिति में बाकी टीम तैयार करने के लिए उसके पास 110 करोड़ रुपये बचेंगे।

परेशानी उन फ्रेंचाइजियों की बढ़ सकती है, जिनके पास पहले से कई बड़े खिलाड़ी हैं। अगर दो या तीन खिलाड़ी बहुत ज्यादा रिटेंशन फीस मांगते हैं, तो बाकी टीम के लिए पैसा बचाना मुश्किल हो सकता है। टीमों को यह भी देखना होगा कि बल्लेबाजों और गेंदबाजों के बीच सही संतुलन बना रहे।

क्या IPL 2028 में 40 करोड़ देकर खिलाड़ी को रिटेन किया जा सकेगा?

किसी खिलाड़ी को कितने रुपये में रिटेन किया जा सकता है, यह केवल फ्रेंचाइजी और खिलाड़ी की बातचीत पर निर्भर नहीं करता। इसके लिए बीसीसीआई के तय नियमों का पालन भी करना होता है। पिछले मेगा ऑक्शन में रिटेंशन के लिए अलग-अलग रकम निर्धारित की गई थी। इनमें 18 करोड़, 14 करोड़ और 11 करोड़ रुपये के स्लैब भी शामिल थे। हालांकि, फ्रेंचाइजियों को तय रकम से ज्यादा पैसे देकर खिलाड़ी रिटेन करने की सुविधा थी। इसका असर उनके ऑक्शन पर्स पर पड़ता था।

सनराइजर्स हैदराबाद ने हेनरिक क्लासेन को 23 करोड़ रुपये में रिटेन किया था। वहीं, लखनऊ सुपर जायंट्स ने निकोलस पूरन को 21 करोड़ रुपये दिए थे। दोनों को मिली रकम उस समय काफी चर्चा में रही थी। अब आईपीएल 2028 के लिए रिटेंशन के नियम क्या होंगे, यह देखना बाकी है। बीसीसीआई नए नियम जारी करेगा, तभी पता चलेगा कि फ्रेंचाइजियां अपने स्टार खिलाड़ियों को कितनी रकम में रोक पाएंगी।

Leave a comment