राजस्थान के जालोर निवासी एक कारोबारी को कथित लॉरेंस गैंग के नाम पर 2 करोड़ रुपये की रंगदारी की धमकी दी गई। पैसे नहीं देने पर पुणे स्थित उनके फर्नीचर मॉल पर फायरिंग की घटना सामने आई, जिसके बाद पुलिस जांच में जुटी है।
जालोर: राजस्थान के सांचौर क्षेत्र से जुड़े कारोबारी अशोक नैण को कथित तौर पर लॉरेंस गैंग के नाम से रंगदारी की धमकियां मिली हैं। आरोप है कि 2 करोड़ रुपये नहीं देने पर पुणे स्थित उनके फर्नीचर मॉल पर बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग कर दी। घटना के बाद कारोबारी ने सुरक्षा की मांग करते हुए पुलिस को शिकायत दी है, जबकि पुणे और जालोर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अंतरराष्ट्रीय नंबर से मिली रंगदारी की धमकी
सांचौर क्षेत्र के हरिपुरा नैण गांव निवासी कारोबारी अशोक कुमार नैण महाराष्ट्र के पुणे में एजे फर्नीचर मॉल का संचालन करते हैं। पीड़ित के अनुसार 7 मई को उन्हें एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से व्हाट्सएप कॉल आया था। कॉल करने वाले ने खुद को आरजू विश्नोई बताते हुए कथित तौर पर लॉरेंस गैंग से जुड़ा होने का दावा किया।
आरोप है कि कॉल के दौरान कारोबारी से कहा गया कि अगर उन्हें पुणे में कारोबार जारी रखना है तो 2 करोड़ रुपये देने होंगे। साथ ही पैसे नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई।
कारोबारी की दिनचर्या और कारोबार की जानकारी होने का दावा
परिवादी का कहना है कि धमकी देने वाले व्यक्ति को उनके परिवार, कारोबार और दैनिक गतिविधियों की जानकारी थी। इसके बाद दोबारा कॉल कर कथित रूप से गोली मारने की चेतावनी दी गई। लगातार मिल रही धमकियों के कारण कारोबारी और उनका परिवार भय के माहौल में है।
घटना के बाद अशोक नैण ने जालोर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत देकर सुरक्षा की मांग की है। उनका कहना है कि उनका किसी अवैध गतिविधि से कोई संबंध नहीं है और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
पुणे मॉल पर 10 राउंड फायरिंग से फैली दहशत
कारोबारी के अनुसार 15 मई की रात करीब 9:20 बजे बाइक सवार दो बदमाश पुणे स्थित उनके फर्नीचर मॉल पहुंचे। आरोप है कि एक बदमाश ने चेहरा ढंका हुआ था और दोनों ने कुछ ही सेकंड में मॉल पर करीब 10 राउंड फायरिंग की।
फायरिंग के निशान मॉल की दीवारों और अंदर रखे सामान पर मिले हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सोशल मीडिया पर भी कथित तौर पर लॉरेंस गैंग के नाम से पोस्ट वायरल हुई, जिसमें फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया। हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
फिलहाल पुणे पुलिस और जालोर पुलिस मामले की जांच कर रही हैं और धमकी देने वालों की पहचान करने की कोशिश जारी है।













