जेएलएन अस्पताल में बुजुर्ग मरीज का हंगामा, महिला गार्ड से की हाथापाई

जेएलएन अस्पताल में बुजुर्ग मरीज का हंगामा, महिला गार्ड से की हाथापाई

जेएलएन अस्पताल की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और मरीजों के व्यवहार पर सवाल खड़े किए हैं। इमरजेंसी में हुए हंगामे से स्टाफ और मरीज परेशान हुए। पुलिस जांच कर रही है और प्रशासन ने सुरक्षा और कड़ी करने की बात कही है।

Rajasthan: जानकारी के अनुसार, क्रिश्चियन गंज थाना क्षेत्र के बलदेव नगर इलाके में सोमवार को एक कार और बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों को मामूली चोटें आई थीं। कार मालिक दोनों घायलों को इलाज के लिए जेएलएन अस्पताल लेकर पहुंचा।

अस्पताल परिसर में गाड़ी से उतरते ही वहां मौजूद एक बुजुर्ग व्यक्ति ने अचानक कार सवार लोगों से बहस शुरू कर दी। देखते ही देखते यह बहस हाथापाई में बदल गई। मौके पर मौजूद अस्पताल स्टाफ और वार्ड बॉय ने हालात को संभालने की कोशिश की और बुजुर्ग को व्हीलचेयर पर बैठाकर इमरजेंसी वार्ड तक ले जाया गया।

महिला गार्ड पर हाथ उठाने से बढ़ा मामला

इमरजेंसी वार्ड पहुंचने के बाद भी बुजुर्ग का व्यवहार शांत नहीं हुआ। वह लगातार इधर-उधर घूमता रहा और बिना अनुमति इमरजेंसी के अंदर स्थित वार्ड में घुसने की कोशिश करने लगा। ड्यूटी पर तैनात महिला गार्ड ने जब उसे रोका और नियमों की जानकारी दी, तो बुजुर्ग मरीज ने गुस्से में आकर महिला गार्ड पर हाथ उठा दिया।

इस घटना के बाद वहां मौजूद अन्य सुरक्षा गार्ड तुरंत मौके पर पहुंचे और बुजुर्ग को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, वह और ज्यादा उग्र हो गया और गार्ड्स से भी उलझने लगा। स्थिति बिगड़ती देख आसपास मौजूद नर्सिंग स्टाफ और डॉक्टर भी इकट्ठा हो गए।

कड़ी मशक्कत के बाद अस्पताल से बाहर निकाला

लगातार हंगामे और मारपीट की स्थिति को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने बुजुर्ग को इमरजेंसी से बाहर निकालने का फैसला किया। गार्ड्स और स्टाफ को उसे बाहर भेजने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान कुछ देर के लिए इमरजेंसी वार्ड में कामकाज भी प्रभावित हुआ।

गार्ड्स की ओर से पूरे मामले की सूचना जेएलएन अस्पताल चौकी प्रभारी अनिल वर्मा को दी गई। पुलिस को बुलाने की तैयारी चल ही रही थी कि इसी बीच हंगामा करने वाला बुजुर्ग अस्पताल परिसर से बाहर निकल गया और मौके से गायब हो गया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह फरार हो चुका था।

Leave a comment