जम्मू-कश्मीर में धारा 370 हटने के बाद मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बीते शुक्रवार अपना दूसरा बजट पेश किया। लेकिन इससे पहले सदन में एक मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया गया, जिस पर काफी हंगामा और बहस भी हुई।
जम्मू-कश्मीर: जम्मू-कश्मीर विधानसभा में हाल ही में पीर पंजाल को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। बीजेपी विधायक सुनील शर्मा की टिप्पणी के बाद नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के विधायकों ने जमकर हंगामा किया, जिससे सदन में धक्का-मुक्की तक हुई। इस मामले ने क्षेत्रीय पहचान और सामरिक महत्व के मुद्दे को तूल दे दिया।
विवाद की शुरुआत तब हुई जब बीजेपी विधायक सुनील शर्मा ने सदन में कहा कि "पीर पंजाल मुझे नहीं पता क्या होता है"। इस टिप्पणी पर नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायकों ने कड़ा विरोध जताया और विधानसभा में हंगामा शुरू हो गया। स्थिति तब बिगड़ गई जब दोनों दलों के विधायक आपस में धक्का-मुक्की करने लगे। सदन के मार्शलों ने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया।
नेकां और बीजेपी के आरोप-प्रत्यारोप
वहीं, नेकां नेताओं ने बीजेपी पर पीर पंजाल के लोगों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के लोगों ने कश्मीर की सुरक्षा और पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन्स में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। नेकां का दावा है कि बीजेपी इस क्षेत्र को अपनाने की कोशिश कर रही है और स्थानीय पहचान को नजरअंदाज कर रही है।
दूसरी ओर, बीजेपी ने नेकां पर क्षेत्रवाद फैलाने का आरोप लगाया। पार्टी का कहना है कि अलग-अलग पहाड़ी क्षेत्रों के लिए अलग पहचान बनाने की कोशिश से जम्मू-कश्मीर की संस्कृति और एकता पर असर पड़ सकता है।
![]()
पीर पंजाल क्या है?
पीर पंजाल जम्मू-कश्मीर की महत्वपूर्ण पहाड़ी श्रृंखला है। इसे लघु हिमालय भी कहा जाता है। लगभग 300 किलोमीटर लंबी इस श्रृंखला के पहाड़ जम्मू पहाड़ियों को कश्मीर घाटी से अलग करते हैं। पीर पंजाल अपनी ऊंची चोटियों, दर्रों और सुरंगों के लिए जाना जाता है। यह क्षेत्र केवल प्राकृतिक सुंदरता के लिए नहीं बल्कि सामरिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है।
पुंछ, राजौरी, रामबन और किश्तवाड़ जैसे इलाके इस श्रृंखला में आते हैं, जहां ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तानी सेना से जबरदस्त लड़ाई हुई थी। निर्दलीय विधायक मुजफ्फर इकबाल खान के अनुसार, इस ऑपरेशन में 16 लोग मारे गए थे।
नाम की उत्पत्ति
पीर पंजाल का नाम सूफी परंपराओं से जुड़ा है। "पीर" का मतलब है संत या सूफी संत, और "पंजाल" हिमालय की इस पर्वत श्रृंखला को संदर्भित करता है। मुस्लिम सांस्कृतिक प्रभाव के कारण इस क्षेत्र का नाम पीर पंजाल पड़ा। वहीं, सुनील शर्मा के अनुसार, इसे पांचाल देव स्थान भी कहा जाता है। विवाद का मूल कारण है जम्मू संभाग में पीर पंजाल और चिनाब क्षेत्र को नया प्रशासनिक डिवीजन बनाने की मांग। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती लंबे समय से इस नए डिवीजन की वकालत कर रही हैं। बीजेपी का मानना है कि इससे क्षेत्रवाद बढ़ेगा और जम्मू-कश्मीर की सांस्कृतिक एकता खतरे में पड़ सकती है।
सदन में बजट सत्र के दौरान यह मुद्दा तब उभरा जब बीजेपी नेता ने टिप्पणी की कि वे पीर पंजाल का नाम पहले कभी नहीं सुना और इसे लेकर घाटी में अलग पहचान बनाने की कोशिश की जा रही है। नेशनल कॉन्फ्रेंस ने इसे स्थानीय लोगों का अपमान बताया और सदन में हंगामा शुरू हो गया।











