भारतीय रेलवे ने ट्रेनों में सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए AI आधारित मॉनिटरिंग सिस्टम शुरू किया है। पायलट प्रोजेक्ट के तहत 100 ट्रेनों में रियल टाइम निगरानी होगी। इसका उद्देश्य जनरल कोच में भी फर्स्ट क्लास जैसी साफ-सफाई सुनिश्चित करना और जवाबदेही बढ़ाना है।
AI Cleaning Monitoring System: यात्रियों की पुरानी शिकायतों को दूर करने के लिए भारतीय रेलवे ने देश की 100 ट्रेनों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित सफाई निगरानी व्यवस्था लागू की है। यह पहल अभी प्रायोगिक स्तर पर शुरू की गई है, जिसमें सफाई कर्मचारियों की गतिविधियों पर रियल टाइम नजर रखी जाएगी। रेलवे इंफॉर्मेशन सेंटर के अधिकारियों के अनुसार, इस तकनीक से सफाई की गुणवत्ता मापी जाएगी और लापरवाही पर कार्रवाई होगी। अश्विनी वैष्णव पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि जनरल कोच में भी फर्स्ट क्लास जैसी सुविधा देना रेलवे की प्राथमिकता है।
कैसे होगी AI से सफाई की निगरानी
रेलवे इंफॉर्मेशन सेंटर के चीफ प्रोजेक्ट इंजीनियर लक्ष्मण जैन ने बताया कि सफाई स्टाफ को ट्रेन में चढ़ते ही अपनी फोटो ऐप पर अपलोड करनी होगी। इसके बाद जिस टॉयलेट की सफाई की जा रही है, उसकी सफाई से पहले और बाद की तस्वीरें भेजना अनिवार्य होगा।
इन तस्वीरों का विश्लेषण AI सिस्टम करेगा। अगर तय मानकों के अनुसार सफाई नहीं पाई जाती है, तो संबंधित कर्मचारी को चेतावनी दी जा सकती है और जरूरत पड़ने पर जुर्माना भी लगाया जाएगा। इससे लापरवाही पर रोक लगेगी और सफाई की गुणवत्ता में सुधार होगा।
![]()
फर्स्ट क्लास जैसी सफाई का दावा
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव पहले ही साफ कर चुके हैं कि रेलवे का लक्ष्य सभी यात्रियों को समान स्तर की सुविधा देना है। उन्होंने कहा था कि जैसी सफाई फर्स्ट क्लास एसी कोच में रहती है, वैसी ही व्यवस्था अब जनरल कोच में भी सुनिश्चित की जाएगी।
AI मॉनिटरिंग को इसी दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। इससे न केवल यात्रियों का सफर ज्यादा आरामदायक होगा, बल्कि रेलवे की छवि भी बेहतर होगी।











