झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने JSSC CGL Recruitment 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती अभियान के तहत 615 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1 जून से शुरू होकर 30 जून तक चलेगी।
Ranchi: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने तकनीकी और विशेष योग्यता वाले पदों के लिए JSSC CGL Recruitment 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। भर्ती अभियान के जरिए विभिन्न विभागों में 615 पद भरे जाएंगे। आयोग के अनुसार ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जून से शुरू होगी और चयन प्रारंभिक व मुख्य परीक्षा के आधार पर किया जाएगा।
विभिन्न विभागों में 615 पदों पर होगी भर्ती
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा 2026 के तहत कई विभागों में भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की है। इस अभियान के जरिए कुल 615 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी, जिनमें कुछ बैकलॉग पद भी शामिल हैं।

भर्ती में सहायक कीट विज्ञानवेत्ता, वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी, वेक्टर जनित रोग निरीक्षक, प्रखंड सांख्यिकी पर्यवेक्षक, कनीय सांख्यिकी सहायक, गव्य तकनीकी पदाधिकारी, मत्स्य पर्यवेक्षक और अंकेक्षक जैसे पद शामिल हैं। इसके अलावा जूनियर साइंटिस्ट असिस्टेंट और लैब असिस्टेंट के पदों पर भी नियुक्तियां होंगी।
अलग-अलग पदों के लिए तय की गई योग्यता
आयोग ने प्रत्येक पद के लिए अलग शैक्षणिक योग्यता निर्धारित की है। कुछ पदों के लिए विज्ञान विषय में स्नातक डिग्री जरूरी रखी गई है, जबकि कुछ पदों पर आवेदन के लिए संबंधित विषय में स्नातकोत्तर डिग्री मांगी गई है।
डेयरी टेक्नोलॉजी, मत्स्य विज्ञान, गणित, अर्थशास्त्र, सांख्यिकी और वाणिज्य जैसे विषयों के उम्मीदवार भी इस भर्ती में आवेदन कर सकेंगे। कुछ तकनीकी पदों के लिए लैब अनुभव को भी अनिवार्य किया गया है।
उम्र सीमा और चयन प्रक्रिया की जानकारी
भर्ती प्रक्रिया में आवेदन करने के लिए न्यूनतम आयु 21 वर्ष तय की गई है। सामान्य और EWS वर्ग के उम्मीदवारों के लिए अधिकतम उम्र 35 वर्ष रखी गई है। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी।
चयन प्रक्रिया दो चरणों में आयोजित की जाएगी। पहले चरण में प्रारंभिक परीक्षा होगी, जिसमें सामान्य अध्ययन, झारखंड सामान्य ज्ञान, गणित, विज्ञान और मानसिक क्षमता से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे। इसके बाद मुख्य परीक्षा आयोजित की जाएगी।
आवेदन की तारीख और जरूरी जानकारी
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1 जून से शुरू होगी और उम्मीदवार 30 जून तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन में सुधार करने के लिए 5 जुलाई से 10 जुलाई तक करेक्शन विंडो भी उपलब्ध रहेगी।
उम्मीदवार भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी और आवेदन प्रक्रिया के लिए JSSC Official वेबसाइट पर विजिट कर सकते हैं।








