रतनगढ़ पुलिस ने नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में 21 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी नाबालिग को कार में बैठाकर जयपुर के होटल ले गया था। पुलिस ने पीड़िता को सुरक्षित बरामद कर जांच शुरू कर दी है।
Churu: रतनगढ़ थानाधिकारी गौरव खिड़िया ने बताया कि पीड़िता के पिता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनकी नाबालिग बेटी मंदिर जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी।
परिजनों ने पहले अपने स्तर पर रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद परिजनों ने पुलिस से संपर्क कर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
CCTV फुटेज से मिला अहम सुराग
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के इलाकों और रास्तों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान फुटेज में एक कार दिखाई दी, जिसमें एक युवक नाबालिग को उसकी मर्जी के खिलाफ बैठाकर ले जाता नजर आया।
CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने कार और संदिग्ध युवक की पहचान की और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से उसकी लोकेशन ट्रेस की गई।
जयपुर के होटल से बरामद
पुलिस की सक्रियता से नाबालिग को जयपुर के एक होटल से सुरक्षित बरामद कर लिया गया। पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि आरोपी युवक ने उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 21 वर्षीय आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं रही।
पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करवाया गया है और मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।











