Amit Shah Pune Visit: एनसीपी के दोनों गुटों में सुलह की चर्चा तेज, पुणे में अजित पवार की प्रतिमा का अनावरण करेंगे अमित शाह

Amit Shah Pune Visit: अमित शाह 15-16 नवंबर को पुणे दौरे पर रहेंगे। अजित पवार की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। जानें NCP के दोनों गुटों के विलय की चर्चा क्यों तेज है

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 15 और 16 नवंबर को पुणे में रहेंगे। उनका यह दौरा ऐसे वक्त हो रहा है, जब महाराष्ट्र में एनसीपी के दोनों गुटों के फिर से एक होने की बातें चल रही हैं। शाह कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे और महायुति के बड़े नेताओं से भी उनकी मुलाकात हो सकती है।

पुणे: महाराष्ट्र की राजनीति में इन दिनों एनसीपी के दोनों गुटों के विलय को लेकर खूब चर्चा हो रही है। इसी बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पुणे आने का कार्यक्रम सामने आया है। शाह 15 नवंबर को शहर पहुंचेंगे और अगले दिन भी कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इस दौरान भाजपा, एनसीपी और शिवसेना के वरिष्ठ नेताओं के साथ उनकी बातचीत होने की संभावना है। 16 नवंबर को वह पुणे जिला परिषद परिसर में दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। 

इस कार्यक्रम में एनसीपी के कई विधायक, सांसद और मंत्री मौजूद रह सकते हैं। हालांकि, दोनों एनसीपी गुटों के विलय पर अब तक कोई सहमति सामने नहीं आई है। शरद पवार गुट की नेता सुप्रिया सुले भी कह चुकी हैं कि उन्हें विलय का कोई नया प्रस्ताव नहीं मिला है। ऐसे में शाह के इस दौरे पर राजनीतिक नजरें बनी हुई हैं।

पुणे में दो दिन क्या-क्या करेंगे अमित शाह?

अमित शाह रविवार, 15 नवंबर को पुणे जिले के तालेगांव दाभाड़े पहुंचेंगे। यहां वह नेशनल हेवी इंजीनियरिंग कोऑपरेटिव लिमिटेड (NHECL) की नई परियोजना का शिलान्यास करेंगे। इस सहकारी औद्योगिक इकाई को दोबारा शुरू करने की योजना पर काम चल रहा है। केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने बताया कि इस परियोजना से महाराष्ट्र सहित दूसरे राज्यों की चीनी मिलों और औद्योगिक क्षेत्रों को फायदा मिलने की उम्मीद है।

इसके अलावा शाह पुणे के मुंडवा इलाके में स्थित भारत फोर्ज की इकाई का दौरा करेंगे। वह पुणे मैराथन से जुड़े कार्यक्रम में भी शामिल हो सकते हैं। रविवार रात अमित शाह पुणे में ही रुकेंगे। इसी दौरान महायुति गठबंधन के नेताओं से उनकी बातचीत होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, इन संभावित राजनीतिक बैठकों का विस्तृत कार्यक्रम सार्वजनिक नहीं किया गया है।

अजित पवार की प्रतिमा का करेंगे अनावरण

सोमवार, 16 नवंबर को अमित शाह पुणे जिला परिषद परिसर में महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इस कार्यक्रम में एनसीपी के कई मंत्री, विधायक, सांसद और वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हो सकते हैं। पार्टी नेताओं को कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी जा चुकी है। एनसीपी सूत्रों के मुताबिक, उपमुख्यमंत्री और पार्टी प्रमुख सुनेत्रा पवार ने अमित शाह से प्रतिमा का अनावरण करने का अनुरोध किया था।

अजित पवार का 28 जनवरी 2026 को बारामती में हुए विमान हादसे में निधन हो गया था। उनके निधन के बाद सुनेत्रा पवार ने पार्टी का नेतृत्व संभाला और महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री बनीं। अब अमित शाह के इस कार्यक्रम को महाराष्ट्र की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों के बीच महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

दिल्ली में सुनेत्रा और पार्थ पवार ने की थी मुलाकात

Amit Shah Pune Visit: एनसीपी के दोनों गुटों में सुलह की चर्चा तेज, पुणे में अजित पवार की प्रतिमा का अनावरण करेंगे अमित शाह

अमित शाह का पुणे दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब कुछ दिन पहले सुनेत्रा पवार और उनके बेटे पार्थ पवार ने नई दिल्ली में उनसे मुलाकात की थी। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, इस बैठक में एनसीपी को वित्त मंत्रालय की जिम्मेदारी दोबारा दिए जाने और पार्टी के दोनों गुटों के संभावित विलय से जुड़े मुद्दों पर बातचीत होने की चर्चा है। हालांकि, बैठक का आधिकारिक विवरण सामने नहीं आया है।

इसके बाद एनसीपी के वरिष्ठ नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल भी अमित शाह से मिला था। इसमें प्रफुल्ल पटेल, प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे, दिलीप वलसे पाटिल, छगन भुजबल, हसन मुश्रीफ और धनंजय मुंडे शामिल थे। रिपोर्टों के अनुसार, बैठक में पार्टी के कामकाज और वरिष्ठ नेताओं तथा युवा नेतृत्व के बीच मतभेदों जैसे विषयों पर चर्चा हुई थी।

सुप्रिया सुले ने विलय की चर्चाओं को किया खारिज

एनसीपी के दोनों गुटों के फिर से एक होने की अटकलों के बीच शरद पवार की पार्टी एनसीपी (एसपी) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने स्पष्ट किया है कि उन्हें विलय का कोई प्रस्ताव नहीं मिला है। गुरुवार, 12 नवंबर को पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि अजित पवार के जीवित रहते दोनों गुटों को साथ लाने की बातचीत हुई थी।

लेकिन उनके निधन के बाद परिस्थितियां बदल गईं। सुले ने कहा कि उनके लिए यह मुद्दा उसी दिन समाप्त हो गया था। उन्होंने यह भी कहा कि शरद पवार से दूसरे गुट के नेताओं की मुलाकात कोई नई बात नहीं है। राजनीतिक मतभेदों के बावजूद पारिवारिक और व्यक्तिगत संबंध बने हुए हैं।

क्या फरवरी में दोनों गुट हो सकते थे एक?

एनसीपी के महाराष्ट्र अध्यक्ष सुनील तटकरे ने हाल ही में स्वीकार किया था कि अजित पवार के जीवित रहते विलय को लेकर बातचीत चल रही थी। तटकरे के अनुसार, यदि अजित पवार का निधन नहीं हुआ होता, तो दोनों गुट 12 फरवरी 2026 को फिर से एक हो सकते थे। हालांकि, मौजूदा परिस्थितियों में किसी नई बातचीत को लेकर उन्होंने स्पष्ट जानकारी नहीं दी है।

दूसरी तरफ, सुनेत्रा पवार ने भी विलय के सवाल पर सीधा जवाब देने से परहेज किया। उन्होंने कहा कि सही समय आने पर सभी बातों की जानकारी मिल जाएगी। इन अलग-अलग बयानों के कारण महाराष्ट्र की राजनीति में चर्चाएं बनी हुई हैं।

फडणवीस बोले- भाजपा को बताए बिना नहीं होगा फैसला

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी एनसीपी के संभावित विलय पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि इस मामले में केवल शरद पवार और सुनेत्रा पवार ही सही स्थिति स्पष्ट कर सकते हैं। फडणवीस के मुताबिक, दोनों गुटों की ओर से भाजपा को अभी तक किसी विलय प्रस्ताव की जानकारी नहीं दी गई है। उनका कहना था कि यदि दोनों पार्टियां एक होने का फैसला करती हैं, तो सत्तारूढ़ गठबंधन को भी इसकी जानकारी देनी होगी।

फिलहाल अमित शाह के पुणे दौरे का आधिकारिक कार्यक्रम मुख्य रूप से सहकारिता क्षेत्र की परियोजना और अजित पवार की प्रतिमा के अनावरण से जुड़ा है। इस दौरान कोई राजनीतिक बातचीत होगी या नहीं, यह दौरे के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Leave a comment