जयपुर में विवाहिता ने किया सुसाइड: दहेज को लेकर ससुराल वाले देते थे ताने, वीडियो कॉल पर भाई को दी धमकी 

जयपुर में विवाहिता श्वेता राव ने दहेज प्रताड़ना से परेशान होकर अपने चार महीने के बेटे के सामने जहर खाकर आत्महत्या की। पति व ससुराल के खिलाफ केस दर्ज।
जयपुर में विवाहिता ने किया सुसाइड: दहेज को लेकर ससुराल वाले देते थे ताने, वीडियो कॉल पर भाई को दी धमकी 
Photo Credit / Attribution: AI IMAGE

जयपुर में दहेज प्रताड़ना से परेशान एक विवाहिता ने अपने चार महीने के बेटे के सामने जहर खाकर जान दे दी। पति और ससुरालवालों पर मारपीट, धमकी और दहेज के लिए टॉर्चर का आरोप है। पुलिस ने दहेज हत्या का केस दर्ज किया।

Jaipur: पुलिस के अनुसार, रामनगर विस्तार की कटारिया कॉलोनी निवासी श्वेता राव (32) ने आत्महत्या की है। श्वेता की शादी जुलाई 2024 में फतेहपुर शेखावटी निवासी नरेश सिंह से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही ससुरालवालों ने दहेज को लेकर उस पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। परिजनों का आरोप है कि पति नरेश, जो मार्केटिंग का काम करता है, और उसके परिवार के सदस्य श्वेता से दो लाख रुपए लाने की मांग करते थे। दहेज न लाने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। इस टॉर्चर से श्वेता काफी परेशान रहने लगी थी।

पीहर आने के बाद भी नहीं रुकी प्रताड़ना

लगभग एक महीने पहले श्वेता अपने चार महीने के बेटे को लेकर पीहर जयपुर आ गई थी। परिजनों को उसने ससुराल में हो रही मारपीट और प्रताड़ना की जानकारी दी थी। परिवार का कहना है कि श्वेता के शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे, जिनका इलाज भी करवाया जा रहा था। जयपुर आने के बाद भी ससुरालवालों ने उसे चैन से नहीं रहने दिया। आरोप है कि वे लगातार फोन कर उसे धमकाते और मानसिक रूप से परेशान करते थे।

जयपुर में विवाहिता ने किया सुसाइड: दहेज को लेकर ससुराल वाले देते थे ताने, वीडियो कॉल पर भाई को दी धमकी 

परिजनों के अनुसार, ससुराल वाले श्वेता से कहते थे कि वह सुसाइड कर ले ताकि पति दूसरी शादी कर सके और ज्यादा दहेज मिल जाए। इतना ही नहीं, उसे यह धमकी भी दी जाती थी कि अगर उसने आत्महत्या नहीं की तो उसके मां और भाई को जान से मार दिया जाएगा।

मासूम बेटे के सामने उठाया खौफनाक कदम

घटना 21 दिसंबर की शाम करीब 4 बजे की है। श्वेता घर में रखी गेहूं की टंकी से जहर निकालकर कमरे में ले आई। उसी कमरे में उसका चार महीने का बेटा मौजूद था। श्वेता ने उसी के सामने जहर खा लिया।

जहर खाने के कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह जमीन पर गिर पड़ी। परिजनों ने उसे बेहोशी की हालत में फर्श पर पड़ा देखा और तुरंत SMS हॉस्पिटल ले गए।

SMS हॉस्पिटल में इलाज के दौरान मौत

SMS हॉस्पिटल में डॉक्टरों ने श्वेता का इलाज शुरू किया, लेकिन उसकी हालत गंभीर बनी रही। इलाज के दौरान मंगलवार को डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मेडिकल टीम की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को SMS हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया, जहां मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराया गया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पहले भी पुलिस से लगाई थी गुहार

मृतका के परिजनों ने बताया कि 13 नवंबर को श्वेता के भाई गजराज ने वीडियो कॉल किया था। उस दौरान ससुराल वालों ने उसे भी धमकाया। इसके बाद जब परिजन श्वेता से मिलने फतेहपुर पहुंचे तो वहां उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई।

परिजनों ने फतेहपुर कोतवाली थाने में दहेज प्रताड़ना की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस के बुलाने पर ससुराल वाले श्वेता और उसके बेटे को थाने लेकर पहुंचे। वहां श्वेता ने पुलिस को अपनी पूरी आपबीती बताई। श्वेता की इच्छा पर पुलिस ने उसे उसके बेटे के साथ परिजनों के पास जयपुर भेज दिया था।

मां की शिकायत के बाद दहेज हत्या का केस दर्ज

महेश नगर थाना पुलिस ने बुधवार को मृतका की मां की शिकायत पर पति नरेश सिंह और ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है और सभी आरोपों की पुष्टि के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment