जयपुर: सिंधीकैंप में फुटपाथ पर मिला संदिग्ध बैग, 20 किलो गांजा बरामद

जयपुर: सिंधीकैंप में फुटपाथ पर मिला संदिग्ध बैग, 20 किलो गांजा बरामद

जयपुर में फुटपाथ पर मिले लावारिस बैग से बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ है। बैग के अंदर प्लास्टिक और टेप से पैक किए दो बंडल मिले जिसमें करीब 20 किलो गांजा था। पुलिस ने बैग जब्त कर CCTV फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं ताकि बैग किसने छोड़ा इसका पता लगाया जा सके।

jaipur: जयपुर में सिंधीकैंप इलाके के जीआरपी थाने के सामने बने मेट्रो स्टेशन के नीचे लोगों ने फुटपाथ पर एक संदिग्ध बैग देखा। बैग लंबे समय से बिना मालिक के पड़ा था, जिससे लोगों को शक हुआ। तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस की गश्ती टीम मौके पर पहुंची और एहतियात के तौर पर आसपास का क्षेत्र खाली कराया गया।

पुलिस ने बताया कि किसी भी तरह की खतरे की आशंका को ध्यान में रखकर बैग को सावधानी से खोला गया। मौके पर SHO माधो सिंह भी मौजूद थे। बैग की चेन लगी हुई थी, जिससे पहली नजर में यह किसी यात्री या राहगीर का लग रहा था, लेकिन अंदर क्या था, यह किसी को नहीं पता था।

बैग से मिले दो पैकेट, खुलते ही निकला गांजा

जब बैग खोला गया तो उसमें प्लास्टिक और शैलो टेप से लिपटे दो बड़े पैकेट मिले। पहला शक हुआ कि यह किसी तस्कर द्वारा छोड़ा गया हो सकता है। पुलिस ने दोनों पैकेट काटकर जांच की तो अंदर से गांजा भरा मिला। बैग में कुल लगभग 20 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इतने बड़े वजन का गांजा किसी छोटे तस्कर का नहीं होता। अंदेशा है कि तस्कर बैग छोड़कर वहां से भाग गया हो या किसी डील के दौरान गलती से बैग छूट गया हो।

CCTV फुटेज से तस्कर की तलाश शुरू

घटना के बाद पुलिस टीम ने आसपास लगे मेट्रो स्टेशन और सड़क के CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि बैग वहां किसने रखा और कितने लोग इस मामले में शामिल हो सकते हैं। सदर थाना पुलिस ने बैग को कब्जे में लेकर NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।

पुलिस ने बताया कि फुटेज और तकनीकी जांच की मदद से जल्द ही आरोपी की पहचान कर ली जाएगी। टीम यह भी पता लगा रही है कि गांजा कहां से आया और इसे किस तक पहुंचाना था।

Leave a comment