कैंची धाम में उमड़ी पर्यटकों की भीड़, ट्रैफिक प्लान लागू, बाहरी दोपहिया वाहनों की एंट्री पर रोक

कैंची धाम और नैनीताल में वीकेंड पर भारी भीड़ के बाद पुलिस ने ट्रैफिक प्लान लागू किया। बाहरी दोपहिया वाहनों पर रोक और कई रूटों पर डायवर्जन किया गया।

तीन दिन के वीकेंड पर कैंची धाम और नैनीताल में पर्यटकों की भारी भीड़ के बाद पुलिस ने विशेष यातायात प्लान लागू किया है। बाहरी दोपहिया वाहनों को कैंची धाम जाने से रोका गया है और पहाड़ जाने वाले वाहनों को भीमताल भेजा जा रहा है।

नैनीताल: तीन दिन के वीकेंड के चलते कैंची धाम और नैनीताल में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ने के बाद यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने रविवार सुबह से विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया। कैंची धाम के लिए बाहरी दोपहिया वाहनों की एंट्री प्रतिबंधित कर दी गई है। पहाड़ जाने वाले वाहनों को काठगोदाम से भीमताल के रास्ते भेजा जा रहा है, जबकि ज्योलीकोट हाईवे को वन-वे किया गया है।

दो दिन जाम के बाद पुलिस ने बदला ट्रैफिक प्लान

दो अक्टूबर के बाद लगातार तीन दिन का वीकेंड होने के कारण नैनीताल और आसपास के पहाड़ी इलाकों में पर्यटकों की भारी भीड़ पहुंची। कैंची धाम में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के साथ वाहनों का दबाव भी काफी बढ़ गया। इसका असर कैंची धाम के साथ नैनीताल जाने वाले मार्गों पर भी दिखाई दिया और कई जगह लंबा जाम लग गया।

शनिवार को भी पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू की थी। एंट्री प्वाइंट पर पर्यटक वाहनों को रोककर शटल सेवा के माध्यम से यात्रियों को शहर तक पहुंचाया गया। इसके बावजूद रविवार सुबह तक यातायात दबाव बना रहा। इसके बाद पुलिस ने सुबह से ही नया ट्रैफिक प्लान लागू कर दिया।

बाहरी दोपहिया वाहनों को कैंची धाम जाने से रोका

पुलिस ने रविवार को कैंची धाम जाने वाले बाहरी दोपहिया वाहनों की एंट्री पर रोक लगा दी। स्थानीय दोपहिया वाहनों को कैंची धाम जाने की अनुमति दी जा रही है, जबकि बाहरी वाहनों को काठगोदाम क्षेत्र से आगे जाने से रोका जा रहा है।

तल्लीताल कोतवाल हरपाल सिंह के अनुसार, यह व्यवस्था कैंची धाम और आसपास के मार्गों पर बढ़ते यातायात दबाव को नियंत्रित करने के लिए लागू की गई है। पुलिस की कोशिश है कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आवाजाही के साथ स्थानीय यातायात भी सुचारू बना रहे।

पहाड़ जाने वाले वाहनों को भीमताल से भेजा जा रहा

यातायात व्यवस्था को संभालने के लिए कालाढूंगी और काठगोदाम क्षेत्र से भी वाहनों को डायवर्ट किया जा रहा है। पहाड़ की ओर जाने वाले सभी वाहनों को काठगोदाम से वाया भीमताल भेजा जा रहा है।

वहीं पहाड़ से नैनीताल की तरफ लौटने वाले वाहनों के दबाव को देखते हुए ज्योलीकोट हाईवे को वन-वे किया गया है। इस मार्ग पर केवल नैनीताल की ओर आने वाले वाहनों को काठगोदाम से नंबर वन बैंड तक आने की अनुमति दी जा रही है।

नैनीताल-भवाली रोड भी वन-वे

पुलिस ने नैनीताल-भवाली रोड पर भी वन-वे व्यवस्था लागू की है। इसका उद्देश्य अलग-अलग मार्गों पर वाहनों के दबाव को नियंत्रित करना और जाम की स्थिति से बचना है।

पुलिस के मुताबिक, हल्द्वानी और अन्य एंट्री प्वाइंट पर डायवर्जन प्लान लागू किए जाने के बाद नैनीताल शहर में यातायात की स्थिति फिलहाल सामान्य है। वीकेंड पर पर्यटकों की आवाजाही को देखते हुए पुलिस और यातायात व्यवस्था पर नजर रख रही है।

Leave a comment