Columbus

कांग्रेस अध्यक्ष खरगे का हमला: 130वें संविधान संशोधन को बताया 'विधायी ट्रोजन हॉर्स'

कांग्रेस अध्यक्ष खरगे का हमला: 130वें संविधान संशोधन को बताया 'विधायी ट्रोजन हॉर्स'

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को 130वें संविधान संशोधन विधेयक को लेकर बीजेपी पर तीखी आलोचना की। उन्होंने इसे 'विधायी ट्रोजन हॉर्स' करार दिया और आरोप लगाया कि इस विधेयक के माध्यम से केंद्र और राज्य स्तर पर लोकतांत्रिक अधिकारों को कमजोर किया जा रहा है।

नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को बीजेपी पर जोरदार हमला बोलते हुए प्रस्तावित बिल को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की है। यह बिल प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्रियों और मंत्रियों को 30 दिनों तक गिरफ्तारी में गुजारने के बाद हटाने का प्रावधान करता है। खरगे ने इसे चुनावों की अहमियत खत्म करने वाला और लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए खतरा बताते हुए आलोचना की। 

उन्होंने कहा कि 130वां संविधान संशोधन एक तरह से आम नागरिकों और उम्मीदवारों के चुनावी अधिकारों को कमजोर कर देगा और इसे उन्होंने 'विधायी ट्रोजन हॉर्स' करार दिया।

130वां संविधान संशोधन: क्या है मामला?

खरगे के अनुसार, इस विधेयक का उद्देश्य ऊपर से सही नजर आता है, लेकिन इसका असली मकसद बीजेपी-आरएसएस द्वारा संविधान में मौजूद लोकतांत्रिक अधिकारों और मताधिकार को छीनना है। उन्होंने कहा कि इस बिल के जरिए प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और मंत्रियों को गंभीर आपराधिक आरोपों में 30 दिनों तक गिरफ्तारी की स्थिति में पद से हटाने का प्रस्ताव रखा गया है।

कांग्रेस प्रमुख ने इस विधेयक को चुनावी लोकतंत्र के लिए खतरा बताते हुए कहा, "130वां संविधान संशोधन एक ऐसा हथियार है, जो चुनी हुई सरकारों को गिराने के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है। यदि किसी मुख्यमंत्री या प्रधानमंत्री पर भ्रष्टाचार या अन्य गंभीर आरोप लगाए जाते हैं और वे 30 दिनों तक जेल में रहते हैं, तो उन्हें कानूनी रूप से पद छोड़ना होगा।"

सुधार के नाम पर मताधिकार पर हमला

खरगे ने आरोप लगाया कि बीते 11 वर्षों में बीजेपी और आरएसएस ने भारतीय लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश की है। उनका कहना है कि बीजेपी सीधे वोटरों तक पहुंच रही है, और चुनावी गड़बड़ी को सुधार के नाम पर संवैधानिक रूप में शामिल किया जा रहा है। उन्होंने कहा, "यह विधेयक हमारे संविधान में मौजूद महत्वपूर्ण मताधिकारों को खतरे में डाल सकता है।"

उन्होंने बिहार में हुए स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) से लेकर राहुल गांधी के 'वोट चोरी' खुलासों तक का जिक्र करते हुए कहा कि बीजेपी लगातार चुनावी अखंडता को नुकसान पहुंचाने की रणनीति अपनाती रही है।

'ट्रोजन हॉर्स' क्या होता है?

खरगे ने 130वें संविधान संशोधन को कंप्यूटर सॉफ्टवेयर की दुनिया के 'ट्रोजन हॉर्स' से तुलना की। कंप्यूटर में ट्रोजन हॉर्स एक ऐसा मैलवेयर होता है, जो सामने से सुरक्षित और सामान्य दिखता है, लेकिन अंदर जाकर सिस्टम को पूरी तरह नुकसान पहुंचाता है। इसी तरह, खरगे का कहना है कि यह विधेयक भी बाहर से सही नजर आता है, लेकिन लोकतांत्रिक संस्थाओं और चुनी हुई सरकारों को नुकसान पहुंचाने का खतरनाक उद्देश्य रखता है।

खरगे ने कहा, यह बिल लोकतंत्र को कमजोर करने वाला है। इससे लगता है कि चुनाव की चिंता क्यों करनी, जब आप 30 दिनों में ही चुने हुए मुख्यमंत्रियों को कानूनी रूप से हटा सकते हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने अंतरराष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस के मौके पर एक लंबा संदेश साझा करते हुए कहा कि सभी राजनीतिक दल और नागरिकों को मिलकर संविधान और लोकतंत्र की रक्षा करनी चाहिए। उन्होंने इसे आरएसएस-बीजेपी के चंगुल से बचाने का संकल्प बताया।

Leave a comment