मॉडल ब्रूकलिन बेकहम और उनके परिवार के बीच लंबे समय से चल रहे मतभेद की खबरों पर अब खुद ब्रूकलिन ने मुहर लगा दी है। उन्होंने आधिकारिक इंस्टाग्राम स्टोरीज़ पर कई पोस्ट साझा कर अपनी पत्नी निकोला पेल्ट्ज और अपने माता-पिता के बीच तनाव की बात स्वीकार की है।
Nicola Peltz: दुनिया की सबसे चर्चित सेलेब्रिटी फैमिलीज़ में शामिल बेकहम परिवार इन दिनों निजी विवाद को लेकर सुर्खियों में है। पूर्व फुटबॉल स्टार डेविड बेकहम और फैशन आइकन विक्टोरिया बेकहम के बड़े बेटे ब्रूकलिन बेकहम ने पहली बार सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया है कि उनके और माता-पिता के रिश्तों में गंभीर तनाव है। इस विवाद की जड़ उनकी पत्नी निकोला पेल्ट्ज और उनकी शादी से जुड़ा एक अहम फैसला बताया जा रहा है, जो अब पूरी दुनिया के सामने आ चुका है।
सोशल मीडिया पोस्ट से खुला राज
लंबे समय से बेकहम परिवार में अनबन की अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन 19 जनवरी को ब्रूकलिन बेकहम द्वारा इंस्टाग्राम स्टोरीज़ पर किए गए पोस्ट्स ने इन खबरों पर मुहर लगा दी। करीब 16 मिलियन फॉलोअर्स वाले ब्रूकलिन ने खुलकर कहा कि उनके माता-पिता और उनकी टीम ने मीडिया में उनकी पत्नी निकोला पेल्ट्ज के खिलाफ नकारात्मक बातें फैलाईं, जिससे रिश्तों में दरार और गहरी हो गई।
ब्रूकलिन ने लिखा कि उन्होंने वर्षों तक इस मुद्दे को निजी रखने की कोशिश की, लेकिन लगातार गलत खबरें सामने आने के कारण उन्हें सच्चाई बताने के लिए मजबूर होना पड़ा।
विवाद की शुरुआत: वेडिंग ड्रेस से
इस पारिवारिक टकराव की शुरुआत शादी की ड्रेस से हुई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, निकोला पेल्ट्ज की वेडिंग ड्रेस को शुरुआत में उनकी सास विक्टोरिया बेकहम डिजाइन करने वाली थीं। विक्टोरिया एक मशहूर फैशन डिजाइनर भी हैं, इसलिए यह फैसला खास माना जा रहा था। हालांकि, ब्रूकलिन के अनुसार, शादी से ठीक पहले विक्टोरिया ने ड्रेस डिजाइन करने से इनकार कर दिया।
उन्होंने दावा किया कि उनकी मां यह जानते हुए भी पीछे हट गईं कि निकोला उस ड्रेस को पहनने के लिए कितनी उत्साहित थीं। इस कारण निकोला को आखिरी वक्त पर दूसरी ड्रेस ढूंढनी पड़ी, जिससे रिश्तों में तनाव पैदा हुआ।

हर जगह झूठ छापा जा रहा है - ब्रूकलिन
ब्रूकलिन ने अपने पोस्ट में यह भी कहा कि मीडिया में जो कुछ भी छप रहा है, वह पूरी तरह सच नहीं है। उन्होंने लिखा कि उनकी पत्नी का बार-बार अपमान किया गया और अब वह चुप नहीं रह सकते। ब्रूकलिन ने यह साफ कर दिया कि वह फिलहाल अपने माता-पिता से सुलह नहीं करना चाहते और पहली बार उन्होंने अपने जीवन में खुद के लिए खड़ा होने का फैसला किया है।
कौन हैं निकोला पेल्ट्ज?
अब सवाल उठता है कि आखिर निकोला पेल्ट्ज कौन हैं, जिनकी वजह से यह हाई-प्रोफाइल फैमिली विवाद चर्चा में है। निकोला पेल्ट्ज एक अमेरिकन एक्ट्रेस और मॉडल हैं। वह अरबपति उद्योगपति नेल्सन पेल्ट्ज की बेटी हैं, जो अमेरिका के जाने-माने बिजनेसमैन माने जाते हैं। निकोला ने हॉलीवुड में अपने करियर की शुरुआत छोटे किरदारों से की थी, लेकिन उन्हें असली पहचान टीवी सीरीज ‘Bates Motel’ से मिली।
इसके अलावा वह हॉलीवुड की बड़ी फिल्म ‘Transformers: Age of Extinction’ में भी नजर आ चुकी हैं। एक्टिंग के साथ-साथ निकोला फैशन इंडस्ट्री और सोशल मीडिया में भी काफी सक्रिय रहती हैं और उनका ग्लोबल फैनबेस है। निकोला पेल्ट्ज और ब्रूकलिन बेकहम की शादी साल 2022 में हुई थी। यह शादी इंटरनेशनल मीडिया में खूब चर्चा में रही थी, लेकिन उसी वक्त से दोनों परिवारों के बीच मतभेद की खबरें भी सामने आने लगी थीं।











