कोटा ग्रामीण पुलिस ने कनवास थाना क्षेत्र में नाकेबंदी के दौरान कार से 49 किलो चांदी पकड़ी। चांदी की अनुमानित कीमत 1.40 करोड़ रुपए है। बिल नहीं मिलने पर चांदी जब्त कर जीएसटी व आयकर विभाग को सूचना दी गई।
Rajasthan: राजस्थान पुलिस इन दिनों मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में कोटा ग्रामीण पुलिस द्वारा “ऑपरेशन व्यू” चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत कनवास थाना क्षेत्र में मंगलवार को नाकेबंदी की गई थी।
नाकेबंदी के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध कार को रुकवाकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से भारी मात्रा में चांदी बरामद की गई। जब चांदी को तौला गया तो उसका वजन करीब 49 किलो निकला। बरामद चांदी की बाजार कीमत लगभग 1 करोड़ 40 लाख रुपए आंकी गई है।
बिल नहीं दिखा पाए युवक
कोटा ग्रामीण पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर ने बताया कि कार में सवार दो युवकों से चांदी से संबंधित वैध दस्तावेज और बिल दिखाने के लिए कहा गया, लेकिन वे कोई भी बिल पेश नहीं कर सके। इसके चलते पुलिस ने चांदी को जब्त कर लिया।

पूछताछ में दोनों युवकों ने खुद को मध्यप्रदेश के गरोठ का निवासी बताया। उन्होंने यह भी कहा कि वे सोने-चांदी के व्यापार से जुड़े हुए हैं। हालांकि, किसी भी प्रकार के बिल या टैक्स संबंधित दस्तावेज नहीं होने के कारण पुलिस ने चांदी को संदिग्ध मानते हुए अपने कब्जे में ले लिया।
फिलहाल पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार नहीं किया है, लेकिन उनसे गहन पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इतनी बड़ी मात्रा में चांदी कहां से लाई गई थी और कहां ले जाई जा रही थी।
आयकर और जीएसटी विभाग को सूचना
पुलिस के अनुसार जिस कार से चांदी बरामद की गई है, वह मध्यप्रदेश के इंदौर जिले की पंजीकृत है। कार का नंबर MP09WN6066 बताया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आयकर विभाग और जीएसटी विभाग को भी चांदी बरामद होने की सूचना दे दी है। अब आयकर और जीएसटी विभाग की टीमें चांदी की खरीद-फरोख्त, टैक्स भुगतान और लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की जांच करेंगी।
यदि जांच में टैक्स चोरी या अवैध लेन-देन सामने आता है तो आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद चांदी किसी अवैध गतिविधि से तो नहीं जुड़ी है। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।











