क्राउन प्रिंसेस मेटे-मैरिट ने एपस्टीन विवाद पर किया खुलासा, कहा- रिश्ते में धोखा मिला

नॉर्वे की क्राउन प्रिंसेस मेटे-मैरिट ने कहा कि एपस्टीन ने उन्हें धोखा दिया। उनका रिश्ता केवल दोस्ती तक सीमित था, और अन्य आरोप गलत हैं।

नॉर्वे की क्राउन प्रिंसेस मेटे-मैरिट ने कहा कि उनका अमेरिकी अपराधी जेफ्री एपस्टीन के साथ संबंध धोखे और भ्रम पर आधारित था, और काश वे उससे कभी नहीं मिलतीं।

America: नॉर्वे की क्राउन प्रिंसेस मेटे-मैरिट ने अमेरिकी यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन के साथ अपने संबंधों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि इस रिश्ते में उन्हें धोखा और गुमराह किया गया। क्राउन प्रिंसेस ने स्पष्ट किया कि अगर उन्हें यह पता होता कि एपस्टीन का अतीत कैसा है, तो वह कभी उससे नहीं मिलतीं। इस बयान ने नॉर्वे में मीडिया और जनता के बीच चर्चा को फिर से तेज कर दिया है।

मेटे-मैरिट ने एनआरके को दिए इंटरव्यू में कहा कि उन्होंने एपस्टीन के बारे में पूरी जानकारी नहीं जुटाई और इसी कारण वह उसके झांसे में आ गईं। उनका कहना था कि यह उनके लिए व्यक्तिगत और भावनात्मक रूप से एक कठिन अनुभव रहा। उन्होंने साफ किया कि एपस्टीन के साथ उनका रिश्ता केवल दोस्ती तक ही सीमित था और किसी भी अन्य तरह के रिश्ते का आरोप गलत है।

एपस्टीन के साथ संबंध

इस साल अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा जारी दस्तावेजों में मेटे-मैरिट का नाम सामने आया था। दस्तावेजों में उनके और एपस्टीन के बीच करीबी संबंधों का जिक्र था। यह खुलासा नॉर्वे में राजनीतिक और सामाजिक चर्चा का विषय बन गया। कई लोगों ने इस पर सवाल उठाए कि क्या इस मामले का भविष्य में उनके रानी बनने के अवसर पर कोई असर पड़ सकता है।

क्राउन प्रिंसेस ने इंटरव्यू में दोहराया कि उनके और एपस्टीन के बीच केवल दोस्ती थी। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह के यौन या अन्य अनुचित रिश्ते की बात करना पूरी तरह से गलत है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें एपस्टीन के अपराधों की सही जानकारी नहीं थी, और उन्हें धोखा दिया गया।

जेफ्री एपस्टीन ने 2008 में एक नाबालिग से जुड़े यौन अपराध को स्वीकार किया था। इसके बाद 2019 में उसे सेक्स ट्रैफिकिंग मामले की सुनवाई के दौरान मौत हो गई। उनका मामला अमेरिकी न्याय प्रणाली में एक बड़ी बहस का विषय बना हुआ था।

मेटे-मैरिट के बेटे पर लगे गंभीर आरोप

इस खुलासे के साथ ही क्राउन प्रिंसेस की निजी जिंदगी पर भी सवाल उठ रहे हैं। उनके 29 वर्षीय बेटे मारियस बोर्ग होइबी पर 38 गंभीर आरोप लगे हैं। इनमें चार महिलाओं के साथ दुष्कर्म और पूर्व गर्लफ्रेंड्स के साथ मारपीट जैसी घटनाएं शामिल हैं। इस मामले में उन्हें 16 साल तक की सजा हो सकती है।

मारियस के खिलाफ ये आरोप न केवल उनकी छवि पर असर डाल रहे हैं बल्कि पूरे शाही परिवार की प्रतिष्ठा पर भी सवाल खड़े कर रहे हैं। इस समय मेटे-मैरिट अपने बेटे की कानूनी लड़ाई और परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।

नॉर्वे में चर्चा और मीडिया की प्रतिक्रिया

मेटे-मैरिट के बयान के बाद नॉर्वे में मीडिया और जनता के बीच चर्चा तेज हो गई। लोग इस पर सवाल उठा रहे हैं कि क्या क्राउन प्रिंसेस का एपस्टीन के साथ रिश्ता उनके भविष्य पर प्रभाव डालेगा। कई विश्लेषकों का कहना है कि यह मामला निजी जीवन का हिस्सा है और इसे राजनीतिक या शाही स्थिति से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।

एनआरके के इंटरव्यू में मेटे-मैरिट ने यह भी कहा कि यह उनके लिए भावनात्मक रूप से बहुत कठिन समय रहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य केवल सच्चाई सामने लाना था और अपने निजी अनुभवों के बारे में खुलकर बोलना था।

Leave a comment