फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के भारत दौरे के दौरान पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने आरोप लगाया कि भारत और अफगानिस्तान पाकिस्तान के खिलाफ प्रॉक्सी युद्ध चला रहे हैं। उन्होंने युद्ध की आशंका से भी इनकार नहीं किया।
Pakistan: फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों 17 से 19 फरवरी तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर भारत दौरे पर हैं। वह मुंबई और दिल्ली के कई आधिकारिक कार्यक्रमों में शामिल हुए। इसी दौरान पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने भारत को लेकर बयान दिया है।
France24 को दिए इंटरव्यू में आरोप
ख्वाजा आसिफ ने France24 English को दिए इंटरव्यू में आरोप लगाया कि भारत और अफगानिस्तान मिलकर पाकिस्तान के खिलाफ प्रॉक्सी वॉर चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि नई दिल्ली और काबुल इस मुद्दे पर एक जैसी रणनीति पर काम कर रहे हैं।
युद्ध की आशंका से इनकार नहीं

पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि भारत के साथ युद्ध की आशंका से पूरी तरह इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने इसे एक संभावना बताया। हालांकि इन आरोपों पर भारत की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। उनका यह बयान ऐसे समय में आया है जब दक्षिण एशिया में सुरक्षा और कूटनीतिक मुद्दों को लेकर माहौल पहले से संवेदनशील बना हुआ है।
भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ता तनाव
पिछले कुछ वर्षों में भारत और पाकिस्तान के बीच कई मुद्दों पर तनाव देखा गया है। ऐसे में इस तरह के सार्वजनिक बयान को क्षेत्रीय राजनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है। अब नजर इस बात पर है कि भारत इस पर क्या प्रतिक्रिया देता है और आगे कूटनीतिक स्तर पर क्या कदम उठाए जाते हैं।
ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र
यह पहली बार नहीं है जब ख्वाजा आसिफ ने भारत के खिलाफ बयानबाजी की हो। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी उन्होंने आरोप लगाए थे कि अफगानिस्तान भारत के प्रतिनिधि के रूप में काम कर रहा है और तालिबान नेतृत्व को भारत नियंत्रित कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा था कि काबुल में कठपुतली का खेल खेलने वाले लोग दिल्ली से कंट्रोल हो रहे हैं।










