Marco Rubio: ट्रंप का साथ नहीं छोड़ेंगे मार्को रुबियो, पूरे कार्यकाल तक बने रहने का किया ऐलान

Marco Rubio News: अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने ट्रंप प्रशासन छोड़ने की अटकलों को खारिज किया। कहा कि वह पूरे कार्यकाल तक साथ रहेंगे। जानें पूरा मामला।

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने ट्रंप प्रशासन छोड़ने की खबरों को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि वह राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के अंत तक काम करेंगे। हालांकि, 2028 के राष्ट्रपति चुनाव में अपनी उम्मीदवारी को लेकर उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।:

वॉशिंगटन: अमेरिका के मध्यावधि चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को लगे झटके के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टीम में बदलाव की अटकलें तेज हो गई हैं। इसी बीच विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने अपने इस्तीफे की चर्चाओं पर जवाब दिया है। उन्होंने साफ किया कि फिलहाल प्रशासन छोड़ने का उनका कोई इरादा नहीं है। रुबियो ने कहा कि उनकी योजना शुरू से ही ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के अंत तक उनके साथ काम करने की रही है। हालांकि, 2028 में राष्ट्रपति चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।

ट्रंप प्रशासन छोड़ने की खबरों पर क्या बोले मार्को रुबियो?

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने 5 नवंबर को द न्यूयॉर्क टाइम्स को दिए इंटरव्यू में अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर चल रही चर्चाओं पर जवाब दिया। पिछले कुछ दिनों से खबरें आ रही थीं कि वह ट्रंप प्रशासन से बाहर निकलकर 2028 के राष्ट्रपति चुनाव की तैयारी कर सकते हैं। रुबियो ने इन अटकलों को गलत बताया। 

उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप का पूरा कार्यकाल खत्म होने तक उनके साथ काम करना शुरू से ही उनकी योजना रही है। रुबियो ने इस बात पर भी हैरानी जताई कि उनके पद छोड़ने की खबरें आखिर कहां से आ रही हैं। इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि उन्हें अपना काम पसंद है। जब लोग उनके नौकरी छोड़ने की बात करते हैं, तो वह मजाक में पूछते हैं कि आखिर कौन-सी नौकरी छोड़ने की चर्चा हो रही है। 

दरअसल, मार्को रुबियो इस समय अमेरिका के विदेश मंत्री होने के साथ राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। ट्रंप प्रशासन में उनकी गिनती सबसे प्रभावशाली अधिकारियों में होती है।

व्हाइट हाउस ने भी इस्तीफे की खबरों को किया खारिज

Marco Rubio: ट्रंप का साथ नहीं छोड़ेंगे मार्को रुबियो, पूरे कार्यकाल तक बने रहने का किया ऐलान

रुबियो के प्रशासन छोड़ने की चर्चा तब तेज हुई, जब ब्लूमबर्ग और कुछ अन्य मीडिया संस्थानों ने उनके भविष्य को लेकर रिपोर्ट प्रकाशित की। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से दावा किया गया कि रुबियो अपने सलाहकारों के साथ पद छोड़ने के विकल्पों पर विचार कर रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने व्हाइट हाउस के कुछ अधिकारियों से इस बारे में बातचीत भी की थी। हालांकि, उनके इस्तीफे को लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ था।

इन दावों पर व्हाइट हाउस की प्रवक्ता बेनी रे हार्मनी ने नाराजगी जताई। उन्होंने ऐसी खबरों को अज्ञात सूत्रों के आधार पर फैलाई जा रही मनगढ़ंत अफवाह बताया। व्हाइट हाउस का कहना है कि रुबियो राष्ट्रपति ट्रंप और उनके MAGA आंदोलन के प्रति प्रतिबद्ध हैं। अमेरिकी विदेश मंत्रालय के सहायक सचिव डायलन जॉनसन ने भी इस्तीफे से जुड़ी रिपोर्टों को बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि रुबियो प्रशासन में अपनी जिम्मेदारियां निभाते रहेंगे।

क्या 2028 में राष्ट्रपति पद की दौड़ में उतरेंगे मार्को रुबियो?

अमेरिका में 2028 के राष्ट्रपति चुनाव को लेकर रिपब्लिकन पार्टी के भीतर अभी से चर्चा होने लगी है। इस बीच मार्को रुबियो का नाम भी सामने आ रहा है। हालांकि, रुबियो फिलहाल ट्रंप प्रशासन में अपनी जिम्मेदारी निभाने की बात कह रहे हैं। दूसरी तरफ उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को भी अगले राष्ट्रपति चुनाव में पार्टी का संभावित चेहरा माना जा रहा है।

मध्यावधि चुनाव के नतीजों के बाद इस चर्चा ने नया मोड़ लिया है। रिपब्लिकन पार्टी से जुड़े कारोबारी और बड़े दानदाताओं में शामिल डैन एबरहार्ट का कहना है कि चुनाव नतीजों से जेडी वेंस की राजनीतिक स्थिति को झटका लगा है। उनके मुताबिक, रुबियो के लिए हालात पहले से बेहतर हुए हैं। हालांकि, यह एबरहार्ट की अपनी राय है। पार्टी की तरफ से अभी किसी नेता को 2028 के राष्ट्रपति चुनाव के लिए उम्मीदवार घोषित नहीं किया गया है।

Leave a comment