US Midterm Election 2026: ज्योत सिंह ने जॉर्जिया में रचा इतिहास, विधानसभा पहुंचने वाले पहले भारतीय-अमेरिकी सिख बने

US Midterm Election 2026: भारतीय मूल के ज्योत सिंह जॉर्जिया विधानसभा पहुंचने वाले पहले सिख-अमेरिकी बने। जानें 27 वर्षीय ज्योत सिंह की जीत और राजनीतिक सफर।

अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में भारतीय मूल के ज्योत सिंह ने ऐतिहासिक जीत हासिल की है। वह जॉर्जिया हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स के लिए चुने जाने वाले पहले सिख-अमेरिकी बने हैं। डेमोक्रेटिक उम्मीदवार सिंह ने रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी यासिन मोघाजी को हराया।

अटलांटा: अमेरिका में 3 नवंबर को हुए मिडटर्म चुनाव में भारतीय-अमेरिकी समुदाय को एक और बड़ी सफलता मिली है। डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार ज्योत सिंह ने जॉर्जिया हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स की डिस्ट्रिक्ट 97 सीट पर जीत दर्ज की है। इसके साथ ही वह जॉर्जिया की विधानसभा के लिए चुने जाने वाले पहले सिख और भारतीय मूल के अमेरिकी बन गए हैं। चुनाव जीतने के बाद उन्होंने अपने समर्थकों और स्थानीय समुदाय का आभार जताया।

ज्योत सिंह ने कितने वोटों से जीता चुनाव?

जॉर्जिया के हाउस डिस्ट्रिक्ट 97 में ज्योत सिंह का मुकाबला रिपब्लिकन पार्टी के यासिन मोघाजी से था। चुनाव के उपलब्ध नतीजों के मुताबिक, सिंह को 13,820 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी को 6,509 वोट हासिल हुए। इस तरह ज्योत सिंह ने करीब 68 प्रतिशत वोटों के साथ जीत दर्ज की। वहीं मोघाजी को लगभग 32 प्रतिशत मत मिले। हालांकि, इन आंकड़ों को अंतिम रूप से प्रमाणित किया जाना बाकी है।

चुनावी जीत के बाद ज्योत सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो संदेश जारी किया। इसमें उन्होंने कहा कि हाउस डिस्ट्रिक्ट 97 में उनकी जीत ने पूरे समुदाय के लिए नया इतिहास बनाया है। उन्होंने जॉर्जिया के मतदाताओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि राज्य की विधानसभा में अपने क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए सम्मान की बात होगी। ज्योत सिंह जिस डिस्ट्रिक्ट से चुने गए हैं, उसमें ग्विनेट काउंटी के डुलुथ, पीचट्री कॉर्नर्स और नॉरक्रॉस के कुछ हिस्सों के अलावा बर्कले लेक भी शामिल है।

डेमोक्रेटिक प्राइमरी में भी दर्ज की थी जीत

ज्योत सिंह के लिए नवंबर का आम चुनाव जीतने से पहले पार्टी का टिकट हासिल करना भी अहम चुनौती थी। 19 मई 2026 को हुए डेमोक्रेटिक प्राइमरी चुनाव में उनका मुकाबला जैक्स लॉरेंट से हुआ था। इस चुनाव में सिंह को 3,401 वोट मिले, जबकि लॉरेंट के पक्ष में 2,351 मत पड़े।  इसके बाद उन्होंने स्थानीय लोगों से संपर्क बढ़ाया और चुनाव प्रचार के दौरान स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, आवास और रोजमर्रा के खर्च जैसे मुद्दों पर ध्यान दिया।

उनके प्रचार अभियान में स्वयंसेवकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। अभियान के दौरान 10 हजार से ज्यादा मतदाताओं को फोन किए गए और 8,500 से अधिक घरों तक पहुंच बनाई गई। चुनावी अभियान को 770 से ज्यादा व्यक्तिगत दानदाताओं से आर्थिक सहयोग मिला। प्राइमरी चुनाव के दौरान 2.40 लाख डॉलर से अधिक की राशि जुटाई गई थी।

US Midterm Election 2026: ज्योत सिंह ने जॉर्जिया में रचा इतिहास, विधानसभा पहुंचने वाले पहले भारतीय-अमेरिकी सिख बने

कौन हैं ज्योत सिंह? जानिए परिवार और पढ़ाई से जुड़ी बातें

27 साल के ज्योत सिंह का परिवार मूल रूप से भारत का रहने वाला है। उनके माता-पिता कई साल पहले अमेरिका जाकर बस गए थे। ज्योत का बचपन जॉर्जिया के नॉरक्रॉस इलाके में गुजरा। वह एक सिख परिवार से आते हैं। घर की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि बिना मेहनत के सभी जरूरतें पूरी हो जाएं। उनके माता-पिता परिवार चलाने के लिए लंबे समय तक काम करते थे। ज्योत ने भी छोटी उम्र से ही घर की जिम्मेदारियां समझनी शुरू कर दी थीं। महज 15 साल की उम्र में उन्होंने काम करना शुरू कर दिया था।

ज्योत पढ़ाई में भी अच्छे रहे। उन्होंने ग्विनेट स्कूल ऑफ मैथमेटिक्स, साइंस एंड टेक्नोलॉजी से स्कूल की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्हें अमेरिका की येल यूनिवर्सिटी में पूरी स्कॉलरशिप पर पढ़ने का मौका मिला। यहां से उन्होंने 2021 में ग्लोबल अफेयर्स में ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की। कॉलेज की पढ़ाई खत्म करने के बाद ज्योत ने नौकरी करने के बजाय अपना काम शुरू करने का फैसला लिया। 

उन्होंने Blue Husky Group नाम से एक कंसल्टिंग कंपनी बनाई। इसके साथ ही वह राजनीति से जुड़े संचार और चुनाव प्रचार के कामों में भी सक्रिय रहे। ज्योत ने स्थानीय स्कूलों से जुड़े मुद्दों पर भी काम किया है। ग्विनेट काउंटी में सरकारी स्कूलों की फंडिंग जारी रखने के लिए चलाए गए अभियान में उन्होंने हिस्सा लिया था। इस दौरान उन्हें स्थानीय लोगों और उनकी परेशानियों को करीब से समझने का मौका मिला।

Leave a comment