भारतीय शेयर बाजार में शुक्रवार को सेंसेक्स 85,231 और निफ्टी 26,068 पर बंद हुआ। आईटी और ऑटो सेक्टर में बढ़त रही, जबकि स्मॉल-कैप, मिड-कैप और मेटल सेक्टर कमजोर दिखे। निवेशकों की कुल वेल्थ में 2,86,258 करोड़ की कमी हुई।
Market This Week: भारतीय शेयर बाजार ने इस हफ्ते (17 नवंबर से 21 नवंबर) मिश्रित प्रदर्शन दिखाया। शुक्रवार को बाजार गिरावट में बंद हुआ। अमेरिकी नौकरी के आंकड़े उम्मीद से बेहतर आने के बाद निवेशकों ने अनुमान लगाया कि जल्द ब्याज दर में कटौती की संभावना कम हो गई है। इससे प्रॉफिट बुकिंग बढ़ी और बाजार में दबाव आया।
हालांकि, कंपनियों के सितंबर तिमाही के मजबूत नतीजों की उम्मीद और एफपीआई की घटती बिकवाली ने सप्ताहिक आधार पर सेंसेक्स और निफ्टी को बढ़त में बंद होने में मदद की। बीएसई सेंसेक्स शुक्रवार को 0.47 प्रतिशत गिरकर 85,231.92 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 50 भी 0.47 फीसदी की गिरावट के साथ 26,068.15 पर रहा। इस हफ्ते सेंसेक्स ने 0.8 प्रतिशत और निफ्टी 0.6 प्रतिशत की साप्ताहिक बढ़त दर्ज की।
सप्ताह के प्रमुख सेक्टर प्रदर्शन
इस हफ्ते 16 में से 7 प्रमुख सेक्टरों ने बढ़त दर्ज की। आईटी सेक्टर सबसे मजबूत रहा और 1.6 प्रतिशत की बढ़त के साथ सप्ताह पूरा किया। इसमें इन्फोसिस के शेयरों में 2.8 प्रतिशत की तेजी देखी गई। कंपनी के शेयरों में यह बढ़त 18,000 करोड़ रुपये के शेयर बायबैक की शुरुआत और मजबूत तिमाही नतीजों से हुई। ऑटो सेक्टर भी 1.1 प्रतिशत की साप्ताहिक बढ़त के साथ नजर आया। आइशर मोटर्स और हीरो मोटोकॉर्प के शेयर क्रमशः 6.6 और 8.4 प्रतिशत बढ़े। मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि रिकॉर्ड स्तरों के पास प्रॉफिट बुकिंग के बावजूद मजबूत अर्निंग्स और एफपीआई की घटती बिकवाली ने बाजार को सपोर्ट दिया।
ब्रॉडर मार्केट और छोटे कंपनियों में कमजोरी
दूसरी ओर, स्मॉल-कैप और मिड-कैप इंडेक्स में कमजोरी देखी गई। स्मॉल-कैप इंडेक्स 2.2 फीसदी गिरा, जबकि मिड-कैप इंडेक्स 0.8 फीसदी कम हुआ। मंगलवार को ऑल-टाइम हाई छूने के बाद निवेशकों ने प्रॉफिट बुकिंग शुरू कर दी थी। मैक्स हेल्थकेयर इस हफ्ते 7.1 फीसदी चढ़ा, इसका कारण मजबूत नतीजे और क्षमता बढ़ाने से मिलने वाला वॉल्यूम ग्रोथ रहा। वहीं, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स के शेयर 7.4 फीसदी टूटे, क्योंकि कंपनी ने साइबर हमले के कारण उत्पादन प्रभावित होने और जेगुआर लैंड रोवर के वित्त वर्ष 2026 के मार्जिन लक्ष्य को घटाने की जानकारी दी।
मेटल सेक्टर में दबाव
मेटल इंडेक्स इस हफ्ते 2.3 प्रतिशत गिरा। मजबूत डॉलर और घरेलू स्टील कीमतों को लेकर चिंताओं ने दबाव बनाया। हिंडाल्को इंडस्ट्रीज 2.8 प्रतिशत गिरा। यह गिरावट न्यूयॉर्क में कंपनी की यूनिट नोवेलिस के प्लांट में आग लगने के कारण हुई।
निवेशकों की वेल्थ में कमी
सप्ताहिक बढ़त के बावजूद निवेशकों की कुल वेल्थ में कमी आई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप इस सप्ताह घटकर 4,72,13,377 करोड़ रुपये रह गया, जबकि पिछले शुक्रवार यह 4,75,49,635 करोड़ रुपये था। ऐसे में निवेशकों की वेल्थ इस हफ्ते 2,86,258 करोड़ रुपये कम हुई।











