‘मदर ऑफ ऑल डील्स’ आज होगी फाइनल, जानिए किन चीजों पर मिलेगा सीधा फायदा

भारत और यूरोपीय यूनियन के बीच 18 साल बाद फ्री ट्रेड एग्रीमेंट पर आज हस्ताक्षर होने की संभावना है। ‘मदर ऑफ ऑल डील्स’ मानी जा रही इस डील से कीमतों पर बड़ा असर
‘मदर ऑफ ऑल डील्स’ आज होगी फाइनल, जानिए किन चीजों पर मिलेगा सीधा फायदा

भारत और यूरोपीय यूनियन के बीच 18 साल बाद फ्री ट्रेड एग्रीमेंट पर आज ऐतिहासिक मुहर लग सकती है। ‘मदर ऑफ ऑल डील्स’ कहे जा रहे इस समझौते से व्यापार, सेवाओं और उपभोक्ता कीमतों पर व्यापक असर पड़ने की उम्मीद है।

India-EU FTA: भारत और यूरोपीय यूनियन (European Union – EU) के बीच आज उस मुक्त व्यापार समझौते यानी फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (Free Trade Agreement – FTA) पर हस्ताक्षर होने की संभावना है, जिसे सरकार और उद्योग जगत ‘मदर ऑफ ऑल डील्स’ कह रहे हैं। करीब 18 साल की लंबी बातचीत के बाद यह डील अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। अगर आज इस पर औपचारिक मुहर लगती है, तो इसका सीधा असर आम उपभोक्ताओं से लेकर उद्योग और सेवा क्षेत्र तक दिखाई देगा।

यह समझौता 2007 से चर्चा में था, लेकिन अलग-अलग कारणों से लगातार टलता रहा। अब दोनों पक्षों के बीच सहमति बनने के बाद इसे भारत-EU आर्थिक रिश्तों का सबसे बड़ा मील का पत्थर माना जा रहा है। वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल के मुताबिक इस ऐतिहासिक डील पर सहमति बन चुकी है और आज इसका औपचारिक एलान किया जा सकता है।

क्यों खास है ‘मदर ऑफ ऑल डील्स’

भारत-EU FTA को ‘मदर ऑफ ऑल डील्स’ कहे जाने की वजह इसका व्यापक दायरा और लंबा असर है। यह सिर्फ टैरिफ कम करने तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यापार, निवेश, सेवाएं और टेक्नोलॉजी सहयोग जैसे कई पहलुओं को कवर करता है।

‘मदर ऑफ ऑल डील्स’ आज होगी फाइनल, जानिए किन चीजों पर मिलेगा सीधा फायदा

यूरोपीय यूनियन दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में से एक है, जबकि भारत तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है। दोनों के बीच यह समझौता भारत को यूरोप के बड़े बाजार तक आसान पहुंच देगा और EU कंपनियों को भारत जैसे विशाल उपभोक्ता बाजार में नए मौके देगा।

यूरोपीय यूनियन और भारत की आर्थिक ताकत

अगर आर्थिक आंकड़ों पर नजर डालें तो यूरोपीय यूनियन और भारत दोनों की वैश्विक अर्थव्यवस्था में अहम भूमिका है। यूरोपीय यूनियन का GDP करीब 20 ट्रिलियन डॉलर है, जबकि भारत का GDP लगभग 4.18 ट्रिलियन डॉलर के आसपास है।

आबादी के लिहाज से EU में करीब 45 करोड़ लोग रहते हैं, जबकि भारत की आबादी 140 करोड़ से ज्यादा है। निर्यात के मामले में EU करीब 2.9 ट्रिलियन डॉलर का एक्सपोर्ट करता है, वहीं भारत का निर्यात लगभग 824.5 अरब डॉलर का है। आयात में EU का आंकड़ा 2.6 ट्रिलियन डॉलर और भारत का करीब 915 अरब डॉलर है।

ये आंकड़े बताते हैं कि दोनों अर्थव्यवस्थाएं एक-दूसरे के लिए कितनी महत्वपूर्ण हैं और FTA से इनका व्यापारिक रिश्ता कितना मजबूत हो सकता है।

भारत में कौन-कौन सी चीजें हो सकती हैं सस्ती

भारत-EU फ्री ट्रेड एग्रीमेंट का सबसे बड़ा असर कीमतों पर देखने को मिल सकता है। इस समझौते के बाद यूरोप से आने वाले कई प्रोडक्ट्स पर आयात शुल्क कम होगा, जिससे उनकी कीमतें घट सकती हैं।

सबसे ज्यादा चर्चा लग्जरी कारों को लेकर है। मर्सिडीज, BMW और पॉर्श जैसी यूरोपीय लग्जरी कारें भारत में सस्ती हो सकती हैं। 15000 यूरो यानी करीब 16.3 लाख रुपये से अधिक कीमत वाली कारों पर आयात शुल्क को घटाकर लगभग 40 प्रतिशत किया जा सकता है। इससे हाई-एंड कार खरीदने वालों के लिए बड़ी राहत मिलेगी।

इसके अलावा विमान, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, केमिकल्स, आधुनिक चिकित्सा उपकरण और मेटल स्क्रैप जैसी चीजें भी सस्ती हो सकती हैं। इससे एविएशन, हेल्थकेयर और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को भी फायदा मिलेगा।

यूरोपीय शराब और अन्य उत्पाद

‘मदर ऑफ ऑल डील्स’ आज होगी फाइनल, जानिए किन चीजों पर मिलेगा सीधा फायदा

इस समझौते के बाद भारतीय बाजार में यूरोप से आने वाली शराब की कीमतों में भी कमी आ सकती है। वाइन और स्पिरिट जैसे प्रोडक्ट्स पर टैरिफ घटने से ये पहले के मुकाबले ज्यादा किफायती हो सकते हैं।

हालांकि सरकार ने साफ किया है कि घरेलू उद्योग और संवेदनशील क्षेत्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए टैरिफ कटौती को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा, ताकि स्थानीय उत्पादकों पर अचानक दबाव न पड़े।

सेवा क्षेत्र में भारतीयों के लिए नए मौके

भारत-EU FTA सिर्फ वस्तुओं तक सीमित नहीं है। इसका बड़ा फायदा सेवा क्षेत्र को भी मिलने वाला है। आईटी, इंजीनियरिंग, टेलीकॉम और बिजनेस सर्विस जैसे क्षेत्रों में भारतीय प्रोफेशनल्स के लिए यूरोप में नए अवसर खुल सकते हैं।

इस समझौते से भारतीय कंपनियों को यूरोपीय बाजार में अपनी सेवाएं देना आसान होगा। साथ ही स्किल्ड प्रोफेशनल्स की आवाजाही से रोजगार और इनकम के नए रास्ते बन सकते हैं।

व्यापार 50 अरब डॉलर से ज्यादा होने की उम्मीद

एमके ग्लोबल की एक रिसर्च रिपोर्ट के अनुसार, अगर भारत और यूरोपीय यूनियन के बीच यह FTA लागू होता है, तो 2031 तक दोनों के बीच का द्विपक्षीय व्यापार 51 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है।

इससे भारत के निर्यात में अच्छी-खासी बढ़ोतरी होने की संभावना है। खासकर ऑटो पार्ट्स, फार्मा, टेक्सटाइल और इंजीनियरिंग गुड्स जैसे सेक्टर को इसका सीधा फायदा मिल सकता है।

Leave a comment