इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने MeitY Summer Internship 2026 के लिए आवेदन शुरू किए हैं। 2 महीने की इस पेड इंटर्नशिप में चयनित छात्रों को ₹15,000 प्रति माह स्टाइपेंड मिलेगा। आवेदन की अंतिम तिथि 7 जून 2026 है।
New Delhi: भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने MeitY Summer Internship 2026 के तहत नॉन-टेक्निकल इंटर्नशिप प्रोग्राम शुरू किया है। इस कार्यक्रम में प्रोग्राम मैनेजमेंट, कम्युनिकेशन, टेक्नोलॉजी मैनेजमेंट और प्रोजेक्ट अप्रेजल जैसे क्षेत्रों में कुल 12 इंटर्नशिप सीटें उपलब्ध हैं। चयनित उम्मीदवारों को दो महीने तक ₹15,000 प्रति माह स्टाइपेंड दिया जाएगा।
किन क्षेत्रों में मिलेगी इंटर्नशिप?
इस कार्यक्रम के तहत अलग-अलग डोमेन में कुल 12 सीटें उपलब्ध कराई गई हैं। इनमें प्रोग्राम मैनेजमेंट की सबसे ज्यादा 5 सीटें हैं। इसके अलावा अवेयरनेस एंड कम्युनिकेशन, कैपेसिटी बिल्डिंग, टेक्नोलॉजी मैनेजमेंट और प्रोजेक्ट अप्रेजल जैसे सेक्टर भी शामिल हैं।

इंटर्नशिप के दौरान उम्मीदवारों को कंटेंट राइटिंग, डेटा एनालिटिक्स, पॉलिसी डॉक्यूमेंटेशन, रिपोर्टिंग और रिसर्च जैसे कार्यों पर काम करने का मौका मिलेगा।
कौन कर सकता है आवेदन?
इस इंटर्नशिप के लिए वही छात्र आवेदन कर सकते हैं जिन्होंने किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से पढ़ाई की हो और पिछली परीक्षा में कम से कम 60 प्रतिशत अंक हासिल किए हों।
फाइनल ईयर के छात्र भी आवेदन के पात्र हैं। इसमें 10+2+3, 10+2+4 और इंटीग्रेटेड डिग्री पैटर्न वाले स्टूडेंट्स शामिल किए गए हैं। डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कोर्स के अंतिम वर्ष के छात्र भी आवेदन कर सकते हैं।
स्टाइपेंड, अवधि और चयन प्रक्रिया
इंटर्नशिप की अवधि 2 महीने तय की गई है, जिसे प्रदर्शन के आधार पर एक महीने तक बढ़ाया जा सकता है। चयनित उम्मीदवारों को ₹15,000 प्रति माह स्टाइपेंड मिलेगा। यानी पूरी अवधि में कुल ₹30,000 तक की राशि दी जाएगी।
चयन प्रक्रिया में किसी लिखित परीक्षा का उल्लेख नहीं किया गया है। उम्मीदवारों को उनके शैक्षणिक प्रदर्शन के आधार पर इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा।
आवेदन की अंतिम तिथि 7 जून 2026 रखी गई है। इच्छुक उम्मीदवार डिजिटल इंडिया कॉर्पोरेशन की आधिकारिक वेबसाइट और गूगल फॉर्म लिंक के जरिए आवेदन कर सकते हैं।








