उज्जैन के प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में वीआईपी दर्शन पर रोक लगाने की मांग को लेकर दायर की गई याचिका को सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दिया है। इस मामले में सर्वोच्च न्यायालय ने साफ शब्दों में कहा कि किसी भी मंदिर में वीआईपी दर्शन की व्यवस्था होगी या नहीं, यह तय करना अदालत का काम नहीं है।
नई दिल्ली: उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में VIP दर्शन को लेकर चल रहा विवाद अब सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा, जहां शीर्ष अदालत ने इस मामले में सख्त टिप्पणी करते हुए याचिका को खारिज कर दिया। सुप्रीम कोर्ट ने साफ कहा कि किसी मंदिर में कौन प्रवेश करेगा और किसे विशेष अनुमति मिलेगी, यह तय करना अदालत का काम नहीं है।
यह याचिका महाकाल मंदिर के गर्भगृह में VIP और आम श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग नियमों को लेकर दायर की गई थी, जिसे याचिकाकर्ता ने संविधान के अनुच्छेद 14 (समानता का अधिकार) का उल्लंघन बताया था।
क्या है पूरा विवाद?
उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में लंबे समय से यह आरोप लगता रहा है कि VIP श्रद्धालुओं को गर्भगृह में प्रवेश की विशेष अनुमति दी जाती है, जहां वे शिवलिंग पर जलाभिषेक और पूजा कर सकते हैं, जबकि आम श्रद्धालुओं को केवल दूर से दर्शन कर संतोष करना पड़ता है। इसी मुद्दे को लेकर याचिकाकर्ता दर्पण अवस्थी ने पहले मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। हाईकोर्ट द्वारा याचिका खारिज किए जाने के बाद इसे सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई थी।
इस मामले की सुनवाई मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ ने की। इस बेंच में जस्टिस महादेवन और जस्टिस जॉयमाला बागची भी शामिल थे। सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मंदिरों की आंतरिक व्यवस्थाओं में न्यायपालिका का हस्तक्षेप सीमित होना चाहिए।
![]()
याचिकाकर्ता का क्या था तर्क?
याचिकाकर्ता की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता विष्णु शंकर जैन ने दलील दी कि गर्भगृह में प्रवेश के लिए अलग-अलग नियम बनाना नागरिकों के साथ भेदभाव है। उन्होंने कहा,
'अगर किसी VIP को जिला प्रशासन के आदेश से गर्भगृह में प्रवेश दिया जा सकता है, तो आम नागरिक को भी वही अधिकार मिलना चाहिए। यह अनुच्छेद 14 का सीधा उल्लंघन है।'
उन्होंने यह भी कहा कि या तो सभी के लिए गर्भगृह में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया जाए, या फिर सभी श्रद्धालुओं को समान अवसर दिया जाए। CJI सूर्यकांत ने इस तर्क पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा,
'गर्भगृह में कौन जाएगा और कौन नहीं, यह तय करना अदालत का काम नहीं है। अगर अदालतें यह तय करने लगें कि मंदिर में कौन प्रवेश करेगा, तो न्यायपालिका पर अनावश्यक बोझ बढ़ जाएगा।'
उन्होंने आगे कहा कि अगर इस तरह की याचिकाओं को स्वीकार किया गया, तो भविष्य में लोग अनुच्छेद 19 के तहत गर्भगृह में मंत्र पढ़ने या अन्य धार्मिक गतिविधियों की मांग भी करने लगेंगे।












