तमिलनाडु में जल्लीकट्टू को लेकर एआईएडीएमके ने बड़ा चुनावी ऐलान किया है। पार्टी के महासचिव ई. पलानीस्वामी ने कहा है कि अगर राज्य में एआईएडीएमके की सरकार बनती है, तो जल्लीकट्टू खेल के दौरान सांडों को काबू करने में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
चेन्नई: तमिलनाडु में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सभी राजनीतिक दल मतदाताओं, खासकर युवाओं और ग्रामीण समुदाय को साधने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। इसी कड़ी में राज्य की प्रमुख विपक्षी पार्टी ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (AIADMK) ने पारंपरिक खेल जल्लीकट्टू को लेकर बड़ा चुनावी वादा किया है।
AIADMK के महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री ई. पलानीस्वामी (EPS) ने घोषणा की है कि यदि आगामी विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी सत्ता में आती है, तो जल्लीकट्टू के दौरान सांडों को काबू करने में जान गंवाने वाले प्रतिभागियों के परिजनों को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। यह एलान उन्होंने मंगलवार को राज्य के सालापलायम जिले में आयोजित जल्लीकट्टू के उद्घाटन समारोह के दौरान किया।
पंजीकृत खिलाड़ियों और सांडों को मिलेगा बीमा कवर
ई. पलानीस्वामी ने अपने संबोधन में कहा कि AIADMK की सरकार बनने पर केवल मुआवजा ही नहीं, बल्कि जल्लीकट्टू में भाग लेने वाले पंजीकृत खिलाड़ियों (बुल टेमर्स) और पंजीकृत सांडों को भी राज्य सरकार की ओर से बीमा सुरक्षा प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि जल्लीकट्टू एक साहसिक और पारंपरिक खेल है, जिसमें जोखिम शामिल होता है। ऐसे में खिलाड़ियों और पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी होनी चाहिए।
इसके साथ ही पलानीस्वामी ने कार्यक्रम में मौजूद प्रतिभागियों और दर्शकों को शपथ दिलाई कि वे खेल के दौरान सांडों के साथ किसी भी प्रकार की क्रूरता नहीं करेंगे और पारंपरिक नियमों का पालन करेंगे।
![]()
तमिल संस्कृति का प्रतीक है जल्लीकट्टू
AIADMK प्रमुख ने जल्लीकट्टू को तमिलनाडु की सांस्कृतिक पहचान बताते हुए कहा कि यह खेल केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि तमिल सभ्यता, वीरता और परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार ने इस खेल से जुड़े लोगों की सुरक्षा और भविष्य को लेकर ठोस कदम नहीं उठाए हैं। पलानीस्वामी ने कहा, जब इस साल AIADMK की सरकार बनेगी, तब जल्लीकट्टू को सुरक्षित, व्यवस्थित और सम्मानजनक ढंग से आयोजित किया जाएगा। हादसों में जान गंवाने वाले परिवारों को 10 लाख रुपये की सहायता और खिलाड़ियों व सांडों के लिए बीमा हमारी प्राथमिकता होगी।
युवाओं को साधने की रणनीति
राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, AIADMK का यह एलान ग्रामीण इलाकों और युवाओं को लुभाने की रणनीति का हिस्सा है। जल्लीकट्टू तमिलनाडु के युवाओं में बेहद लोकप्रिय खेल है और इससे जुड़ा कोई भी फैसला सीधे जनभावनाओं से जुड़ जाता है।विशेषज्ञ मानते हैं कि इस तरह के वादे चुनावी माहौल में AIADMK को सांस्कृतिक और भावनात्मक मुद्दों पर बढ़त दिला सकते हैं।
मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन का भी बड़ा एलान
गौरतलब है कि इससे पहले सत्तारूढ़ डीएमके सरकार के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने भी जल्लीकट्टू को लेकर अहम घोषणा की थी। मदुरै के अलंगनल्लूर में आयोजित जल्लीकट्टू कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा था कि जो प्रतिभागी सबसे ज्यादा सांडों को सफलतापूर्वक काबू करेगा, उसे सरकारी नौकरी दी जाएगी।









