महाराष्ट्र में होने वाले निकाय चुनावों से पहले महा युति के अंदर कलह की खबरें सामने आ रही हैं। महायुति सरकार के अधिकांश शिवसेना के खेमें के मंत्री मंगलवार को साप्ताहिक कैबिनेट बैठक में शामिल नहीं हुए।
मुंबई: महाराष्ट्र में महायुति गठबंधन के भीतर आगामी निकाय चुनावों से पहले तनाव की खबरें सामने आ रही हैं। मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक कैबिनेट बैठक में शिवसेना के कई मंत्री शामिल नहीं हुए, जिससे भाजपा और शिवसेना के बीच कूटनीतिक खिंचाव की चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, भाजपा ने किसी भी तरह के मतभेद होने की खबरों का खंडन किया है।
सूत्रों के अनुसार, शिवसेना खेमे के मंत्रियों की बैठक में अनुपस्थिति का कारण भाजपा को संदेश देना था कि गठबंधन में कुछ गतिविधियों को शिवसेना स्वीकार नहीं कर रही है। विशेष रूप से बीएमसी चुनाव से पहले डोंबिवली में हुए घटनाक्रमों ने दोनों दलों के बीच खिंचाव बढ़ा दिया है।
डोंबिवली घटनाक्रम से बढ़ा तनाव
जानकारी के अनुसार, डोंबिवली में कुछ शिवसेना कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हुए थे, जिससे शिवसेना खेमे में नाराजगी फैल गई। शिवसेना के मंत्रियों ने इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की और अपनी आपत्ति जताई। फडणवीस ने कथित तौर पर कहा कि उल्हासनगर में भी भाजपा सदस्यों को शामिल करने की प्रक्रिया में शिवसेना की भूमिका रही है, इसलिए भाजपा द्वारा ऐसा करने पर शिकायत नहीं करनी चाहिए। उन्होंने शिवसेना नेताओं से यह भी कहा कि अब से गठबंधन साझेदार एक-दूसरे के कार्यकर्ताओं को अपने दल में शामिल करने का प्रयास नहीं करेंगे।
![]()
सूत्रों के अनुसार, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे बैठक में मौजूद थे, जबकि उनके खेमे के अन्य मंत्री बैठक से दूर रहे। इस कदम को एक तरह से सतर्क संदेश के रूप में देखा जा रहा है कि गठबंधन के अंदर संतुलन बनाए रखना जरूरी है। विशेषज्ञों का कहना है कि महायुति गठबंधन में भाजपा, शिवसेना और अजित पवार के नेतृत्व वाली राकांपा शामिल हैं। आगामी बीएमसी चुनावों को देखते हुए दोनों दलों के बीच हल्की खटास और नाराजगी बनना आम माना जा रहा है।
भाजपा का बयान और चुनाव रणनीति
भाजपा के वरिष्ठ नेता चंद्रशेखर बावनकुले ने मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि महायुति गठबंधन आगामी बीएमसी चुनाव में मिलकर चुनाव लड़ेगा। उनका कहना था कि गठबंधन का लक्ष्य दो-तिहाई वार्ड जीतना और 51 प्रतिशत वोट हासिल करना है। बावनकुले ने यह भी कहा कि बीएमसी चुनाव में महायुति सभी पार्टियों के संयुक्त प्रयास से काम करेगी और राज्य में स्थिर सरकार बनाए रखने की दिशा में काम करेगी।











