महासमुंद में अवैध संबंध का खौफनाक अंजाम: पति और देवर ने प्रेमी को उतारा मौत के घाट

महासमुंद में पत्नी के अवैध संबंध से नाराज पति और भाई ने प्रेमी वाकेश साहू को लाठी-ईंट से मारकर हत्या की। दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में।

महासमुंद में पत्नी के अवैध संबंध से नाराज पति ने छोटे भाई के साथ मिलकर प्रेमी की लाठी-ईंट से पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने थाने जाकर सरेंडर किया। पुलिस ने दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया।

Chhattisgarh: यह सनसनीखेज मामला महासमुंद जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के कोसरंगी गांव का है। गांव के वार्ड नंबर-5 निवासी नकूल साहू (33) की पत्नी का उसी गांव के भाटापारा इलाके में रहने वाले वाकेश साहू (27) के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध था।

ग्रामीणों के अनुसार, वाकेश अक्सर रात के समय चोरी-छिपे नकूल की पत्नी से मिलने उसके घर आता था। इस बात की भनक नकूल को पहले से थी, लेकिन उसे पुख्ता सबूत नहीं मिल पा रहा था। इसी वजह से घर में तनाव का माहौल बना रहता था।

देर रात मिलने पहुंचा प्रेमी

मंगलवार 3 फरवरी की रात को वाकेश साहू रोज की तरह घर से टहलने का बहाना बनाकर निकला। देर रात वह नकूल के घर पहुंच गया और उसकी पत्नी से मिलने लगा। इसी दौरान नकूल को घर में किसी की मौजूदगी का शक हुआ।

नकूल ने जब कमरे में जाकर देखा तो वह अपनी पत्नी और वाकेश को आपत्तिजनक हालत में देखकर भड़क उठा। दोनों के बीच जमकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई।

लाठी-ईंट से हमला

झगड़े की आवाज सुनकर नकूल का छोटा भाई निर्मल साहू (19) भी मौके पर पहुंच गया। गुस्से और आक्रोश में आकर दोनों भाइयों ने वाकेश पर हमला कर दिया। आरोपियों ने वाकेश के सिर पर लाठी और ईंट से लगातार वार किए। 

गंभीर चोट लगने से वह जमीन पर गिर पड़ा और उसके सिर से भारी मात्रा में खून बहने लगा। कुछ ही देर में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना के बाद दोनों भाई घबरा गए और शव को घर के बाहर छोड़ दिया। आसपास खून से सने ईंटों के टुकड़े भी पड़े मिले।

आरोपी ने किया सरेंडर

बुधवार सुबह ग्रामीणों ने नकूल के घर के सामने वाकेश का शव पड़ा देखा। तुरंत मृतक के परिजनों और सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जरूरी सबूत जुटाए। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया।

घटना के बाद आरोपी नकूल साहू थाने पहुंचा और हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने पूछताछ के बाद नकूल और उसके भाई निर्मल साहू को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया। दोनों पर BNS की धारा 103(1) के तहत हत्या का केस दर्ज किया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a comment