मकर संक्रांति का त्योहार अपने रंग, उल्लास और पतंगबाजी के लिए जाना जाता है। इस दिन बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी आसमान में पतंग उड़ाने का आनंद लेते हैं और मौसम का पूरा मज़ा लेते हैं।
Weather Update: आज, 14 जनवरी को मकर संक्रांति के मौके पर उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम की चेतावनी जारी की गई है। इस वर्ष मकर संक्रांति पर पर्व उत्साह के साथ मनाने की तैयारी कर रहे लोगों को मौसम का खास ख्याल रखना होगा। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर प्रदेश, दिल्ली, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और जम्मू-कश्मीर में शीतलहर और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा पहाड़ी राज्यों में हल्की बर्फबारी की संभावना भी है, जिससे पतंगबाजी और बाहर की गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं।
उत्तर भारत में मकर संक्रांति का मौसम
मकर संक्रांति पर बारिश की संभावना बहुत कम है, लेकिन घने कोहरे और ठंड से लोगों को परेशानी हो सकती है। IMD के मुताबिक, यूपी, दिल्ली, उत्तराखंड, हिमाचल, पंजाब और जम्मू-कश्मीर में मौसम ठंडा और कोहरा भरा रहेगा। पहाड़ी इलाकों में मनाली, लाहौल-स्पीति, गुलमर्ग और पहलगाम में हल्की बर्फबारी हो सकती है। वहीं, उत्तराखंड में पाला पड़ने की चेतावनी भी जारी की गई है।
दिल्ली में 14 जनवरी को सुबह के समय शीतलहर के साथ 10-15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। दिन के 11 बजे के बाद आसमान साफ रहेगा, जिससे पतंगबाजी का आनंद लिया जा सकेगा। दिल्ली का अधिकतम तापमान 16°C और न्यूनतम 6°C रहने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश, बिहार और हरियाणा का मौसम
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में घने कोहरे और शीतलहर का अलर्ट है। कानपुर, बरेली, लखनऊ, आगरा, अमेठी, अमरोहा, औरैया, भदोही, इटावा, बुलंदशहर, बाराबंकी, आजमगढ़, जौनपुर, हमीरपुर और मेरठ में ठंड के साथ कोहरा भी रहेगा। लखनऊ में अधिकतम तापमान 19°C और न्यूनतम 6°C तक गिरने का अनुमान है।
बिहार में सुबह के समय घने कोहरे से यात्रा करना मुश्किल होगा। पटना, भोजपुर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, गया, भागलपुर, मुंगेर, अररिया, सहरसा, पूर्णिया, बक्सर, कटिहार, खगड़िया, बेगूसराय और लखीसराय में ठंड के साथ कोहरे का प्रकोप रहेगा। पटना में अधिकतम तापमान 16°C और न्यूनतम 8°C रहेगा।हरियाणा में मकर संक्रांति पर भीषण ठंड का अलर्ट है। गुरुग्राम, हिसार, नारनौल में तापमान 1-2°C तक गिर सकता है। सुबह 5-10 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चलेगी।
कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश का मौसम
जम्मू-कश्मीर में पहलगाम, गुलमर्ग, अनंतनाग, बारामूला और उधमपुर में हल्की बर्फबारी की संभावना है। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 8°C और न्यूनतम 4°C रहने का अनुमान है। उत्तराखंड में हरिद्वार, ऋषिकेश, नैनीताल, देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, लैंसडाउन, टिहरी और धनोल्टी में ठंड का असर रहेगा। मसूरी में अधिकतम तापमान 17°C और न्यूनतम 6°C, जबकि देहरादून में अधिकतम 16°C और न्यूनतम 6°C रहने की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश के मनाली, किन्नौर, कुल्लू और लाहौल-स्पीति में बर्फबारी की चेतावनी है। मनाली में अधिकतम तापमान 1°C और न्यूनतम -13°C रहने का अनुमान है।
राजस्थान और मध्य प्रदेश में मौसम
राजस्थान के सीकर, जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, भरतपुर, श्रीगंगानगर, अलवर, कोटपुतली और फलोदी में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। मध्य प्रदेश में चंबल, मुरैना, दतिया, टीकमगढ़, शिवपुरी और निवाड़ी में घने कोहरे का अलर्ट है। भोपाल का अधिकतम तापमान 25°C और न्यूनतम 9°C रहने की संभावना है।












