प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन पर ब्रिटेन के किंग चार्ल्स ने कदम्ब का पौधा उपहार स्वरूप भेजा। यह तोहफा पर्यावरण संरक्षण और भारत-ब्रिटेन की मजबूत दोस्ती का प्रतीक माना जा रहा है।
PM Modi Birthday: भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 17 सितंबर को अपना 75वां जन्मदिन मनाया। इस अवसर पर भारत सहित दुनियाभर के राष्ट्राध्यक्षों, नेताओं और प्रसिद्ध हस्तियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। पीएम मोदी के जन्मदिन पर आए इन संदेशों में ब्रिटेन के किंग चार्ल्स का तोहफा सबसे ज्यादा चर्चा में है।
किंग चार्ल्स का अनोखा उपहार
ब्रिटेन के महाराज किंग चार्ल्स ने प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन पर एक खास तोहफा भेजा। यह तोहफा एक कदम्ब का पौधा है। यह उपहार न केवल दोस्ती का प्रतीक है बल्कि पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक जुड़ाव को भी दर्शाता है।
किंग चार्ल्स ने क्यों चुना कदम्ब का पौधा
दिल्ली स्थित ब्रिटिश हाई कमीशन की ओर से जारी बयान में बताया गया कि किंग चार्ल्स ने प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कदम्ब का पौधा भेजा है। इस पहल की प्रेरणा पीएम मोदी की “एक पेड़ माँ के नाम” योजना से ली गई है। यह कदम दोनों देशों की पर्यावरण के प्रति साझा प्रतिबद्धता को भी मजबूत करता है।
प्रधानमंत्री मोदी लंबे समय से पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण को बढ़ावा देते रहे हैं। उनकी “एक पेड़ माँ के नाम” पहल का मकसद लोगों को अपनी माताओं के सम्मान में पेड़ लगाने के लिए प्रेरित करना है। किंग चार्ल्स का यह तोहफा इसी पहल को सम्मान देने जैसा है।
पौधों से जुड़ा खास रिश्ता
यह पहला मौका नहीं है जब पीएम मोदी और किंग चार्ल्स ने पौधे को उपहार के रूप में चुना हो। जुलाई 2025 में प्रधानमंत्री मोदी ने ब्रिटेन की यात्रा की थी। उस दौरान उन्होंने इंग्लैंड के नॉरफॉक स्थित सैंड्रिंघम एस्टेट में किंग चार्ल्स से मुलाकात की थी और उन्हें भी एक पौधा भेंट किया था। उस समय भी दोनों नेताओं ने पर्यावरण संरक्षण पर जोर दिया था।
कदम्ब का महत्व
कदम्ब का पेड़ भारतीय संस्कृति और परंपरा में विशेष महत्व रखता है। इसे भगवान श्रीकृष्ण से भी जोड़ा जाता है और यह पेड़ हरित पर्यावरण का प्रतीक माना जाता है। किंग चार्ल्स द्वारा इस पेड़ का चुनाव इस बात को दर्शाता है कि वह भारत की संस्कृति और परंपराओं को समझते और सम्मान देते हैं।