मुनीम की आंखों में मिर्ची झोंककर 14 लाख की लूट, सागर में VIDEO हुआ वायरल, 2 फरार

मुनीम की आंखों में मिर्ची झोंककर 14 लाख की लूट, सागर में VIDEO हुआ वायरल, 2 फरार

सागर में 14 लाख रुपए की लूट के दौरान मुनीम पर हमला किया गया और उनकी आंखों में मिर्ची डाली गई। स्थानीय लोगों की सतर्कता से एक आरोपी गिरफ्तार हुआ, दो फरार हैं। पुलिस जांच और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

Madhya Pradesh: गल्ला व्यापारी पंकज केशरवानी (पंकज ट्रेडर्स) के मुनीम सुधीर दीक्षित सोमवार दोपहर भगवानगंज स्थित एसबीआई बैंक से 14 लाख रुपए निकालकर लौट रहे थे। मंडी रोड पर पुल के पास बाइक और ऑटो से आए तीन बदमाशों ने अचानक उनकी आंखों में मिर्ची पाउडर डाल दिया। मुनीम गिर पड़े, तो बदमाशों ने डंडे से हमला किया और नोटों से भरा बैग छीनकर भागने लगे।

मुनीम की हिम्मत 

घायल मुनीम ने बताया, "मैं बदमाशों से लड़ता रहा और मदद के लिए चिल्लाता रहा, लेकिन शुरू में कोई बचाने नहीं आया।" वहां मौजूद लोगों और पुलिस को शुरुआत में लगा कि यह कोई आपसी विवाद है।

मुनीम ने हिम्मत दिखाते हुए एक बदमाश का पैर पकड़ लिया। तभी भीड़ में से एक युवक चिल्लाया, "यह पैसे लूटकर भाग रहा है, पकड़ो इसे।" इसके बाद लोग दौड़े और आरोपी धीरेंद्र ठाकुर को पकड़ लिया।

बैंक से ही पीछा कर रहे थे आरोपी

पुलिस की प्राथमिक जांच में पता चला कि लूट में शामिल तीनों आरोपी बैंक से ही मुनीम की रेकी कर रहे थे। सीएसपी ललित कश्यप ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी धीरेंद्र ठाकुर से पूछताछ जारी है। दो अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें सक्रिय हैं।

सीसीटीवी फुटेज में वारदात कैद

सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि बदमाश बाइक पर सवार हैं और मुनीम की आंखों में मिर्ची डालते हुए और डंडे से हमला करते हुए भागने की कोशिश कर रहे हैं। भीड़ और मुनीम की हिम्मत के कारण एक आरोपी पकड़ा गया, जबकि दो फरार हैं।

पुलिस ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी लूट की पूरी योजना और घटना में शामिल अन्य साथियों के बारे में जानकारी देने पर विवेचना में मदद कर रहा है।

Leave a comment