'मुसलमान BJP को वोट नहीं देते, इसलिए...', राजीव चंद्रशेखर के बयान से केरल की राजनीति में हलचल

'मुसलमान BJP को वोट नहीं देते, इसलिए...', राजीव चंद्रशेखर के बयान से केरल की राजनीति में हलचल

केरल बीजेपी अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने केंद्र सरकार में मुस्लिम प्रतिनिधित्व को लेकर दिए गए अपने बयान से एक नई राजनीतिक बहस छेड़ दी है। उन्होंने बुधवार को कोझिकोड प्रेस क्लब द्वारा आयोजित ‘मीट द प्रेस’ कार्यक्रम में कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल में मुस्लिम मंत्रियों का न होना मुख्य रूप से इसलिए है, क्योंकि मुसलमान बीजेपी को वोट नहीं देते।

Rajeev Chandrasekhar on Muslim Representation in Cabinet: केरल बीजेपी अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर के हालिया बयान ने देश की राजनीति में एक नई बहस को जन्म दे दिया है। उन्होंने केंद्रीय मंत्रिमंडल में मुस्लिम मंत्रियों की अनुपस्थिति को लेकर कहा कि इसका मुख्य कारण यह है कि मुस्लिम समुदाय भाजपा को वोट नहीं देता। उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब केरल में स्थानीय निकाय चुनाव हो रहे हैं और राज्य में राजनीतिक समीकरण तेजी से बदल रहे हैं।

यदि सांसद नहीं होगा, तो मंत्री कैसे बनेगा? - राजीव चंद्रशेखर

कोझिकोड प्रेस क्लब द्वारा आयोजित ‘मीट द प्रेस’ कार्यक्रम में बोलते हुए राजीव चंद्रशेखर ने कहा, मुस्लिम सांसद तभी बनेगा, जब मुस्लिम मतदाता भाजपा को वोट देंगे। अगर सांसद ही नहीं होगा, तो मुसलमान मंत्री कैसे बनेगा? उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि मुस्लिम समुदाय कांग्रेस को दशकों से वोट देता आ रहा है, लेकिन इससे उसे वास्तविक राजनीतिक और सामाजिक लाभ क्या मिला है। उनका कहना था, अगर मुस्लिम मतदाता भाजपा को वोट देने को तैयार नहीं हैं, तो वे सरकार में प्रतिनिधित्व की उम्मीद कैसे कर सकते हैं?

कांग्रेस पर भी साधा निशाना

चंद्रशेखर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने लंबे समय तक मुस्लिम समुदाय को केवल वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया, लेकिन उन्हें सशक्त राजनीतिक भूमिका देने में विफल रही। उन्होंने दावा किया कि भाजपा की राजनीति विकास और प्रदर्शन आधारित है, न कि केवल पहचान की राजनीति पर टिकी हुई।

उन्होंने यह भी तर्क दिया कि यदि कोझिकोड जैसे इलाकों में मुस्लिम मतदाता भाजपा का समर्थन करें, तो वहां से मुस्लिम सांसद चुने जाने की संभावनाएं बढ़ सकती हैं, जिससे आगे चलकर उन्हें केंद्रीय मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व मिल सकता है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी भी समुदाय का राजनीतिक प्रतिनिधित्व चुनावी जनादेश का परिणाम होता है, कोई जन्मसिद्ध अधिकार नहीं। उनका कहना था कि लोकतंत्र में वही सरकार और वही प्रतिनिधित्व मिलता है, जिसे जनता वोट देकर चुनती है।

केरल चुनाव और ‘डबल इंजन सरकार’ का मुद्दा

राजीव चंद्रशेखर ने आगामी चुनावों को लेकर कहा कि भाजपा इन्हें “सेमीफाइनल” नहीं, बल्कि अंतिम मुकाबला मान रही है। उन्होंने दोहराया कि पार्टी केरल में केवल सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि शासन व्यवस्था में भी बदलाव चाहती है। उन्होंने यह भी दावा किया कि केंद्र सरकार केरल में 95 प्रतिशत विकास परियोजनाओं के लिए फंड उपलब्ध करा रही है, लेकिन राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि वह इन संसाधनों का सही ढंग से उपयोग नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि केरल को अब एक “डबल इंजन सरकार” की जरूरत है, ताकि विकास कार्यों में तेजी आए।

वर्तमान में केंद्रीय मंत्रिमंडल में कोई भी मुस्लिम मंत्री शामिल नहीं है, जो आज़ादी के बाद पहली बार हुआ है। 18वीं लोकसभा के चुनाव में एनडीए गठबंधन के तहत कोई भी मुस्लिम सांसद निर्वाचित नहीं हुआ, जिसके कारण मंत्रिमंडल में मुस्लिम प्रतिनिधित्व शून्य हो गया। पिछली मोदी सरकार में मुख्तार अब्बास नकवी ही एकमात्र मुस्लिम मंत्री थे। उनके मंत्रिमंडल से बाहर होने के बाद यह रिक्तता और स्पष्ट हो गई है।

 

Leave a comment