वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को अमेरिका ने गिरफ्तार किया। उनके टीवी डांस वीडियो और सार्वजनिक अंदाज को व्हाइट हाउस ने चुनौती माना। मादुरो फिलहाल न्यूयॉर्क के मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर में हैं।
Nicolas Maduro Arrest: वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की अमेरिका द्वारा गिरफ्तारी ने अंतरराष्ट्रीय राजनीति में हलचल पैदा कर दी है। मादुरो कई बार सरकारी टीवी चैनलों पर नाचते-गाते नजर आते रहे हैं। हाल ही में एक वायरल वीडियो में वे म्यूजिक की धुन पर झूमते दिखाई दिए, जिसके बाद उनके खिलाफ अमेरिका ने कड़ा कदम उठाया।
अमेरिका की कार्रवाई को अब तक ड्रग तस्करी और तेल राजनीति से जोड़कर देखा जा रहा था, लेकिन न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में यह दावा किया गया कि मादुरो का टीवी पर डांस और सार्वजनिक कार्यक्रम अमेरिकी प्रशासन को अपमानजनक लगे।
डांस को अमेरिका ने लिया चुनौती के रूप में
रिपोर्ट के मुताबिक व्हाइट हाउस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मादुरो के नाटकीय और मजाकिया डांस शोज को अमेरिका के लिए खुली चुनौती के रूप में देखा। एक अधिकारी के हवाले से कहा गया कि "बस एक डांस मूव ज्यादा हो गया"। यह वही पल था जब अमेरिका का सब्र टूट गया। सुनने में भले अजीब लगे, लेकिन मादुरो के इस अंदाज को अमेरिकी प्रशासन ने गंभीर चुनौती मान लिया।
No Crazy War वाला वायरल वीडियो
मादुरो के नाचते-गाते वीडियो में बैकग्राउंड में अंग्रेजी में आवाज आती रही "No Crazy War"। यह वीडियो उस समय का है जब अमेरिका ने वेनेजुएला में ड्रग तस्करी से जुड़े ठिकानों पर हवाई हमले किए थे। व्हाइट हाउस ने इसे अपनी चेतावनी का मजाक उड़ाने के तौर पर लिया और इसे गंभीर रूप से चुनौती माना।

ट्रंप के अल्टीमेटम का मादुरो ने किया विरोध
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मादुरो को सत्ता छोड़ने और तुर्की में निर्वासन जाने का अल्टीमेटम दिया था। लेकिन मादुरो ने न केवल इसे ठुकराया, बल्कि और आत्मविश्वास के साथ सार्वजनिक कार्यक्रमों में दिखाई देने लगे। वे लगातार जनता के सामने नाचते-गाते रहे और संदेश देते रहे कि वे अमेरिका की धमकियों से डरने वाले नहीं हैं।
अमेरिका को लगी शान में गुस्ताखी
अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, मादुरो की ये हरकतें अमेरिका के लिए अपमानजनक थीं। व्हाइट हाउस ने इसे संकेत माना कि मादुरो वाशिंगटन की चेतावनी को गंभीरता से नहीं ले रहे। इसीलिए अमेरिका ने सैन्य कार्रवाई का निर्णय लिया और मादुरो को गिरफ्तार करने की योजना बनाई।
3 जनवरी का विशेष सैन्य अभियान
3 जनवरी को अमेरिका ने वेनेजुएला की राजधानी कराकस में विशेष सैन्य अभियान चलाया। इस ऑपरेशन में मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को हिरासत में लिया गया और उन्हें न्यूयॉर्क ले जाया गया। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, मादुरो फिलहाल ब्रुकलिन के मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर में बंद हैं। 5 जनवरी को मादुरो को न्यूयॉर्क की अदालत में पेश किया गया। उन पर नार्को-टेररिज्म, कोकीन तस्करी और हथियारों से जुड़े गंभीर आरोप लगाए गए हैं। अदालत ने उनकी अगली सुनवाई मार्च तक के लिए तय की है।











