नोएडा प्राधिकरण सार्वजनिक परिवहन बेहतर करने के लिए 10 नई ई-सिटी बसें चार नए रूटों पर चलाएगा। बसें सेक्टर-137, बोटेनिकल गार्डन, एकमूर्ति, मिर्जापुर कट और परी चौक को जोड़ेंगी, जिससे ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे की कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
नोएडा: नोएडा प्राधिकरण शहर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 10 नई ई-सिटी बसें चार रूटों पर चलाने की तैयारी कर रहा है। इनमें सेक्टर-137 से सेक्टर-12/22, बोटेनिकल गार्डन से एकमूर्ति, बोटेनिकल गार्डन से मिर्जापुर कट और बोटेनिकल गार्डन से परी चौक के रूट शामिल हैं। इन सेवाओं से नोएडा के साथ ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की कनेक्टिविटी बढ़ेगी।
सेक्टर-137 से सेक्टर-12/22 तक चलेगी ई-सिटी बस
नोएडा प्राधिकरण की ओर से प्रस्तावित चार नए रूटों में पहला रूट सेक्टर-137 से सेक्टर-12/22 तक होगा। इस रूट पर बस सेक्टर-137 से एडवंट, सेक्टर-142, पंचशील इंटर कॉलेज, सेक्टर-96 स्थित नोएडा प्राधिकरण कार्यालय, महामाया इंटर कॉलेज, सेक्टर-37 और बोटेनिकल गार्डन होते हुए आगे जाएगी।

इसके बाद बस अट्टा पीर, सेक्टर-27 स्टाफ कॉलोनी, डीएम चौराहा, सेक्टर-21ए मोदी माल, सेक्टर-10 लालबत्ती और चौड़ा मोड़ होते हुए सेक्टर-12/22 पहुंचेगी। वापसी में बस चौड़ा मोड़, सेक्टर-10 लालबत्ती, टेलीफोन एक्सचेंज, सेक्टर-19, डीएम चौराहा, सेक्टर-27, स्टाफ कॉलोनी, इंदिरा मार्केट, सेक्टर-18 अंडरपास और सेक्टर-37 होते हुए सेक्टर-137 जाएगी।
बोटेनिकल गार्डन से एकमूर्ति और मिर्जापुर कट तक सेवा
दूसरे रूट पर ई-सिटी बस बोटेनिकल गार्डन से एकमूर्ति तक चलेगी। इस रूट में गोल्फ कोर्स, सिटी सेंटर और चार मूर्ति ग्रेटर नोएडा शामिल होंगे। बस एकमूर्ति तक जाने के बाद इसी रूट से वापस लौटेगी।
तीसरे रूट पर बोटेनिकल गार्डन से मिर्जापुर कट तक बस सेवा प्रस्तावित है। इस रूट में एडवंट, परी चौक, गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय और गलगोटिया विश्वविद्यालय जैसे प्रमुख स्थान शामिल हैं। इसके बाद बसें यमुना एक्सप्रेसवे की ओर जाएंगी। वापसी में भी बस इसी मार्ग से संचालित होगी।
परी चौक तक जुड़ेंगे कई सेक्टर और गांव
चौथे रूट पर बोटेनिकल गार्डन से परी चौक तक बस चलाई जाएगी। इस रूट में सेक्टर-94 स्थित ओखला बर्ड सेंचुरी, सेक्टर-125 एमिटी यूनिवर्सिटी, सेक्टर-126 रायपुर और सेक्टर-127 बख्तावरपुर शामिल हैं।
बस सेक्टर-128 सुल्तानपुर गांव, जेपी अस्पताल, सेक्टर-132, 135, 168, 164, 163, 158, 156 और 155 होते हुए सेक्टर-150 कोंडली गांव पहुंचेगी। इसके बाद सेक्टर-148 मेट्रो स्टेशन और नॉलेज पार्क-2 मेट्रो स्टेशन होते हुए परी चौक जाएगी। इससे इस रूट पर आने वाले कई सेक्टरों और गांवों को सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी।
नोएडा में अभी 60 बसें संचालित
नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक एसपी सिंह के अनुसार, नई बसों के संचालन से शहर के अंदरूनी सेक्टरों के साथ ग्रेटर नोएडा और यमुना विकास प्राधिकरण क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
फिलहाल नोएडा में 60, ग्रेटर नोएडा में 50 और यमुना विकास प्राधिकरण क्षेत्र में 25 बसें संचालित हो रही हैं। इसके अलावा अब 10 नई ई-सिटी बसें चार नए रूटों पर जोड़े जाने की तैयारी है। इससे नोएडा-ग्रेटर नोएडा के बीच सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क का विस्तार होगा।










