नोएडा में जन्माष्टमी को लेकर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था कड़ी की गई है। जिले के 200 से अधिक मंदिरों और झांकियों के आसपास पुलिस तैनात रहेगी। इस्कॉन और सनातन मंदिर के आसपास यातायात डायवर्जन लागू रहेगा।
नोएडा: जन्माष्टमी के दौरान गौतमबुद्ध नगर में सुरक्षा व्यवस्था के लिए 2500 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। 200 से अधिक मंदिरों और छह स्थानों पर निकलने वाली झांकियों के आसपास निगरानी बढ़ाई गई है। पुलिस ड्रोन और सीसीटीवी के जरिए निगरानी करेगी। सेक्टर-33 स्थित इस्कॉन मंदिर और सेक्टर-19 स्थित सनातन धर्म मंदिर के आसपास यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है।
इस्कॉन मंदिर के आसपास वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित
जन्माष्टमी के दौरान सेक्टर-33 स्थित इस्कॉन मंदिर के आसपास बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात प्रतिबंध लागू किए गए हैं। एनटीपीसी अंडरपास चौराहा से गिझौड़ चौराहा और गिझौड़ चौक से एनटीपीसी की ओर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। गिझौड़ से इस्कॉन मंदिर की ओर तथा सेक्टर-31/25 से गिझौड़ की ओर भी वाहन नहीं जा सकेंगे।
गिझौड़ चौराहा से अट्टा अंडरपास की ओर जाने वाले वाहन बाएं मुड़कर होशियारपुर तिराहे से दाहिने होकर सिटी सेंटर की तरफ जा सकेंगे। दूसरा विकल्प गिझौड़ चौक से दाहिने मुड़कर समरविले तिराहा होते हुए आगे जाने का रहेगा। सेक्टर-31/25 चौराहे से गिझौड़ होते हुए सेक्टर-60, सेक्टर-62, इंदिरापुरम और गाजियाबाद जाने वाले वाहनों को स्पाइस माल चौराहा, एडोब चौक तथा सेक्टर-22, 23 और 54 तिराहा होते हुए वैकल्पिक मार्ग लेना होगा।
पार्किंग के बाद पैदल मंदिर पहुंचेंगे श्रद्धालु
इस्कॉन मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को एडोब बिल्डिंग के पास निर्धारित पार्किंग में वाहन खड़ा करना होगा। इसके बाद उन्हें पैदल मंदिर तक जाना होगा। वीवीआईपी पार्किंग के लिए आने वाले वाहन सेक्टर-33/34 तिराहा से प्रवेश कर शिल्प हाट पार्किंग में वाहन खड़े कर सकेंगे और वहां से पैदल आगे जाएंगे।
एलिवेटेड रोड पर यातायात सामान्य रूप से चलता रहेगा, लेकिन इस्कॉन और एनटीपीसी लूप से वाहनों के उतरने और चढ़ने पर प्रतिबंध रहेगा। गिझौड़ चौक से इस्कॉन मंदिर की ओर जाने वाला मार्ग जन्माष्टमी समारोह समाप्त होने तक बंद रहेगा।
सनातन मंदिर और सेक्टर-2 में भी जरूरत के अनुसार रोक
सेक्टर-19 स्थित सनातन धर्म मंदिर के आसपास भीड़ बढ़ने की स्थिति में डीएम चौक से राय रेजीडेंसी के बीच और डीएम चौक से टेलीफोन एक्सचेंज की ओर यातायात प्रतिबंधित किया जा सकता है। इसी तरह सेक्टर-2 स्थित मंदिर के आसपास भीड़ बढ़ने पर संदीप पेपर मिल चौक और गोलचक्कर चौक के बीच वाहनों की आवाजाही रोकी जा सकती है।
पुलिस ने मंदिरों और प्रमुख भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा बढ़ाई है। ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी के साथ सादे कपड़ों में पुरुष और महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई है। जन्माष्टमी के आयोजनों और झांकियों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल को अलग-अलग स्थानों पर तैनात किया गया है।
यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें और निर्धारित वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें। डायवर्जन के दौरान एंबुलेंस और फायर सर्विस जैसे आपातकालीन वाहनों को सुरक्षित तरीके से आगे जाने की अनुमति दी जाएगी। यातायात संबंधी सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 9971009001 पर संपर्क किया जा सकता है।









