गोरखपुर में मुंबई की प्रिया शेट्टी की हत्या उसके बॉयफ्रेंड विजय साहनी ने पत्नी के साथ मिलकर की। पहचान छिपाने के लिए चेहरा कुचला गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
Uttar pradesh: पुलिस जांच में सामने आया कि 29 जनवरी की रात प्रिया शेट्टी की हत्या पूरी प्लानिंग के साथ की गई थी। हत्या से पहले विजय साहनी, उसकी पत्नी संध्या और प्रिया तीनों करीब 24 घंटे तक गोरखपुर रेलवे स्टेशन के एक कमरे में रुके थे। इसी दौरान आगे की योजना बनाई गई।
इसके बाद प्रिया को बहला-फुसलाकर पीपीगंज ले जाया गया। देर रात पुल के नीचे सुनसान जगह पर विजय और संध्या ने मिलकर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद पहचान छिपाने के इरादे से विजय ने करीब 10 मिनट तक ईंट से प्रिया का चेहरा कुचला, ताकि उसकी शिनाख्त न हो सके।
हत्या के बाद धार्मिक ढोंग
हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी रात करीब 11:35 बजे प्रिया की लाश को पुल के नीचे फेंककर स्कूटी से निकल गया। करीब 12 बजे वह पत्नी संध्या के साथ वहां से रवाना हुआ, लेकिन डर के कारण 20 मिनट बाद दोबारा घटनास्थल पर लौटा।
विजय को आशंका थी कि कहीं प्रिया जिंदा न हो। वह शव के पास जाकर सांसें चेक करता रहा। पूरी तरह संतुष्ट होने के बाद वह पत्नी के साथ अयोध्या चला गया। अयोध्या पहुंचकर उसने सुबह-सुबह सिर मुंडवाया, स्नान किया और नए कपड़े पहनकर पूजा-पाठ किया। इसके बाद दोनों वापस गोरखपुर आ गए, मानो कुछ हुआ ही न हो।
बहन किरन का दर्द
![]()
घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रिया की सौतेली बहन किरन जायसवाल मुंबई से गोरखपुर पहुंचीं। वह भय और तनाव में थीं, इसलिए पुलिस ने उन्हें सुरक्षा घेरे में रखा। पोस्टमार्टम के बाद राजघाट पर अंतिम संस्कार किया गया।
इस दौरान प्रिया के 13 वर्षीय बेटे रूद्र को वीडियो कॉल के जरिए मां का अंतिम दर्शन कराया गया। कफन में लिपटी मां को देखकर रूद्र फूट-फूटकर रो पड़ा। उसने कहा कि उसकी मां उसे उसके पिता से मिलाने गोरखपुर गई थी, लेकिन वहीं उसकी हत्या कर दी गई। यह दृश्य बेहद मार्मिक था।
दोहरी जिंदगी की कहानी
पुलिस जांच में सामने आया कि विजय और प्रिया की मुलाकात मुंबई में एक इंश्योरेंस ऑफिस में हुई थी। दोनों लिव-इन में भी रहे और एक बेटा हुआ। बाद में विजय ने प्रिया से दूरी बना ली और गांव लौटकर संध्या से शादी कर ली।
कई साल बाद सोशल मीडिया के जरिए दोनों फिर संपर्क में आए। प्रिया बेटे के हक और पढ़ाई को लेकर विजय पर दबाव बना रही थी। विजय दो शादियों की सच्चाई दुनिया के सामने लाने से डरता था। इसी दबाव से छुटकारा पाने के लिए उसने प्रिया को गोरखपुर बुलाकर हत्या की साजिश रची।
ऑटो चालक से खुली हत्या की परतें
पुलिस को पहला सुराग घटनास्थल के पास लगे CCTV कैमरों से मिला, जिसमें एक स्कूटी पर तीन लोग नजर आए। इसके बाद एक ऑटो चालक का बयान सामने आया, जिसने मृतका को आरोपी दंपती के साथ देखा था।
सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस विजय साहनी, उसकी पत्नी संध्या और संध्या के पिता तक पहुंची। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई और चेहरे की हड्डियों के टूटने के प्रमाण मिले।











