उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में तीन सगी बहनों की आत्महत्या ने पूरे देश को झकझोर दिया है। घटना थाना टीला मोड़ क्षेत्र की भारत सिटी सोसायटी में हुई, जहां 16 वर्षीय निशिका, 14 वर्षीय प्राची और 12 वर्षीय पाखी ने बी 1 टावर की नौवीं मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी।
Suicide Case: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में थाना टीला मोड़ क्षेत्र की भारत सिटी सोसायटी से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। देर रात करीब 2 बजे, बी 1 टावर की नौवीं मंजिल से तीन सगी बहनों—16 वर्षीय निशिका, 14 वर्षीय प्राची और 12 वर्षीय पाखी—ने कूदकर अपनी जान दे दी।
पुलिस के मुताबिक, फ्लैट नंबर 907 में रहने वाली ये तीनों बहनें ऑनलाइन गेमिंग की आदी थीं। परिवार द्वारा मना करने के बावजूद उन्होंने यह घातक कदम उठाया। परिजनों का कहना है कि पिछले लगभग दो साल से तीनों बहनें स्कूल भी नहीं जा रही थीं और ज्यादातर समय मोबाइल गेम खेलने में बिताती थीं। यह घटना पूरे इलाके में शोक और सनसनी फैलाने वाली है।
घटना का विवरण
पुलिस के अनुसार यह दर्दनाक घटना रात करीब 2 बजे हुई। तीनों बहनें फ्लैट नंबर 907 में रहती थीं। परिवार के सदस्यों ने बताया कि तीनों बहनें पिछले करीब दो साल से स्कूल नहीं जा रही थीं और ज्यादातर समय मोबाइल गेम्स खेलने में व्यस्त रहती थीं। परिवार ने यह भी माना कि गेमिंग पर रोक लगाने के प्रयास के बावजूद बच्चियां ऑनलाइन गेम्स से दूर नहीं हो सकीं।
जांच में सामने आया कि घटना के समय तीनों बहनों ने कमरे को अंदर से बंद किया, स्टूल लगाया, और बालकनी से नीचे कूद गईं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें लोनी के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
![]()
पुलिस को मिला सुसाइड नोट - “पापा, आई एम सॉरी, हम गेम नहीं छोड़ सकते।”
मौके से पुलिस को एक पॉकेट डायरी मिली, जिसमें 8 पन्नों का सुसाइड नोट लिखा था। सुसाइड नोट में तीनों बहनों ने अपने पिता से माफी मांगी और अपने ऑनलाइन गेम्स और मोबाइल गतिविधियों का जिक्र किया। नोट में लिखा गया है कि उन्हें गेम्स से बहुत प्यार है और वे इसे छोड़ नहीं सकतीं। पुलिस ने बताया कि नोट में उल्लेख है कि बीच वाली बहन प्राची ‘बॉस’ की भूमिका में थी, और तीनों बहनें सभी रोजमर्रा के काम एक साथ करती थीं।
नाबालिगों के पिता ने बताया, उन्होंने कहा था, 'पापा, हम कोरियन नहीं छोड़ सकते। कोरियन हमारी जिंदगी है। आप हमें इससे अलग नहीं कर सकते। हम अपनी जान दे देंगे।' यह बहुत दुखद है। मैं सभी माता-पिता से अपील करता हूं कि वे बच्चों के गेमिंग आदतों पर नजर रखें।
पुलिस का बयान
SSP शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने कहा कि रात करीब 2:15 बजे सूचना मिली कि तीन बच्चियां टावर बी 1 की नौवीं मंजिल की बालकनी से कूद गई हैं। मौके पर पहुंचने पर तीनों की गिरने से मौत हो चुकी थी। DCP ट्रांस हिंदन, निमिश पाटिल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बच्चियां कोरियन कल्चर से प्रभावित थीं, लेकिन फिलहाल यह नहीं पता चला कि यह किसी विशेष गेम या टास्क से जुड़ा था।
पुलिस ने पूरे मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कुछ दिनों से परिवार ने बच्चों के मोबाइल पर प्रतिबंध लगा दिया था, जिससे आत्महत्या की वजह के पहलुओं की जांच की जा रही है।











