राजनीतिक सरगर्मियों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को पश्चिम बंगाल और असम का दौरा शुरू करेंगे। इस दौरान वे दोनों राज्यों को विभिन्न परियोजनाओं और विकास योजनाओं के तहत करोड़ों की सौगात देंगे। शनिवार दोपहर बाद वे पश्चिम बंगाल से असम के लिए रवाना होंगे।
PM Modi Rally: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को पश्चिम बंगाल और असम के महत्वपूर्ण दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे दोनों राज्यों को हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। बुनियादी ढांचे, सड़क संपर्क और विमानन क्षेत्र से जुड़ी इन योजनाओं को न केवल क्षेत्रीय विकास के लिहाज से अहम माना जा रहा है, बल्कि आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर इस दौरे को राजनीतिक दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पश्चिम बंगाल में 3,200 करोड़ की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार सुबह करीब 11:15 बजे पश्चिम बंगाल के नादिया जिले के राणाघाट पहुंचेंगे। यहां वे लगभग 3,200 करोड़ रुपये की लागत वाली दो प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं का उद्देश्य कोलकाता और उत्तर बंगाल के बीच सड़क संपर्क को मजबूत करना और यात्रा समय को कम करना है।
प्रधानमंत्री नादिया जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-34 के बराजागुली–कृष्णनगर सेक्शन के 66.7 किलोमीटर लंबे फोर-लेन सड़क प्रोजेक्ट का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा, उत्तर 24 परगना जिले में बरासात–बराजागुली सेक्शन के 17.6 किलोमीटर लंबे फोर-लेन प्रोजेक्ट की आधारशिला रखी जाएगी। इन कार्यक्रमों में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी भी मौजूद रहेंगे।
इन दोनों परियोजनाओं के पूरा होने से कोलकाता से सिलीगुड़ी के बीच सड़क यात्रा पहले की तुलना में लगभग दो घंटे कम हो जाएगी। इससे व्यापार, पर्यटन और आपातकालीन सेवाओं को भी बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है। यह प्रोजेक्ट पूर्वी भारत के आर्थिक विकास को गति देने में अहम भूमिका निभाएंगे।

बंगाल में राजनीतिक संकेत भी अहम
बिहार में हालिया चुनावी सफलता के बाद प्रधानमंत्री मोदी की यह पहली पश्चिम बंगाल यात्रा है। उनकी रैली नादिया जिले के ताहेरपुर क्षेत्र में आयोजित की जाएगी, जहां मतुआ समुदाय और शरणार्थी आबादी की संख्या काफी अधिक है। राणाघाट और ठाकुरनगर को मतुआ समुदाय के प्रमुख केंद्र माना जाता है। ऐसे में इस क्षेत्र से चुनावी अभियान की शुरुआत को राजनीतिक रूप से रणनीतिक कदम माना जा रहा है।
भाजपा लंबे समय से इस समुदाय के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है। प्रधानमंत्री की एक रैली के जरिए कई जिलों के मतदाताओं तक संदेश पहुंचाने की रणनीति पर काम किया जा रहा है।
असम को 1,600 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाएं
पश्चिम बंगाल के कार्यक्रमों के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार दोपहर लगभग 2:30 बजे असम की राजधानी गुवाहाटी पहुंचेंगे। दो दिवसीय असम दौरे के दौरान प्रधानमंत्री राज्य को 1,600 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इन योजनाओं में बुनियादी ढांचा, परिवहन और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं।
गुवाहाटी हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री असम के पहले मुख्यमंत्री गोपीनाथ बोरदोलोई की 80 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके बाद वे लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के नए एकीकृत टर्मिनल का उद्घाटन करेंगे, जिसकी लागत लगभग 4,000 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
प्रधानमंत्री करीब 15 मिनट तक नए टर्मिनल परिसर का निरीक्षण करेंगे और इसके बाद एक जनसभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने जानकारी दी है कि नया टर्मिनल पूरी तरह तैयार है और प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।












