बिहार विधानसभा चुनाव में जन सुराज पार्टी की हार के बाद इसके संस्थापक प्रशांत किशोर ने बड़ा ऐलान किया है। पीके ने अपनी संपत्ति पार्टी को दान करने और लोगों से मिलने के लिए अपनी फीस तय करने की योजना का खुलासा किया।
पटना: बिहार विधानसभा चुनाव में जन सुराज पार्टी की हार के बाद इसके संस्थापक प्रशांत किशोर (पीके) ने बड़ा राजनीतिक और आर्थिक कदम उठाया है। पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया में एक दिन के मौन व्रत के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने अपनी आगामी रणनीति और पार्टी के प्रति प्रतिबद्धता का ऐलान किया।
प्रशांत किशोर ने कहा कि उन्होंने दिल्ली स्थित एक घर को छोड़कर, अपनी सभी चल-अचल संपत्ति पार्टी को दान करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही पीके ने घोषणा की कि अगले पांच वर्षों तक अपनी आय का 90 प्रतिशत हिस्सा जन सुराज पार्टी को देंगे।
लोगों से मिलने के लिए तय की फीस, चंदा देने वाले से ही मुलाकात
पीके ने यह भी स्पष्ट किया कि जन सुराज पार्टी से जुड़े लोग या राज्य के नागरिक उनसे मिलने के लिए पार्टी को 1,000 रुपये का चंदा देंगे, वहीं बिना चंदा देने वाले से मुलाकात नहीं होगी। उन्होंने कहा,
'मैं किसी ऐसे व्यक्ति से नहीं मिलूंगा जो पार्टी को 1,000 रुपये का चंदा नहीं देगा।'
यह कदम पार्टी को आर्थिक रूप से मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार बनाने की दिशा में उठाया गया है।
नीतीश सरकार पर गंभीर आरोप, वोट खरीदी की बात कही
![]()
प्रशांत किशोर ने बिहार सरकार पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि देश के इतिहास में पहली बार बिहार में वोट खरीदे गए और एक करोड़ से अधिक महिलाओं के खातों में 10-10 हजार रुपये जमा किए गए। पीके ने कहा, अगर मैं गलत कह रहा हूं, तो बिहार सरकार मुझे जेल भेज दे। चुनाव के दौरान राज्य सरकार ने आकस्मिकता निधि और विश्व बैंक के अनुदानों का भी उपयोग किया।
उन्होंने यह भी बताया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने महिलाओं को दो लाख रुपये देने का वादा किया था, जिसे पूरा कराने के लिए पार्टी कार्रवाई करेगी।
वार्डों में जाकर वोटिंग घोटाले की जानकारी देंगे कार्यकर्ता
प्रशांत किशोर ने कहा कि 15 जनवरी के बाद पार्टी के कार्यकर्ता राज्य के सभी 1.18 लाख वार्डों में जाकर लोगों को बताएंगे कि उनके वोट किस तरह खरीदे गए। साथ ही उन्होंने ‘बिहार नव निर्माण संकल्प’ अभियान की शुरुआत की घोषणा की, जिसमें अगले 15 से 18 महीनों में पार्टी हर घर तक पहुंचेगी। पीके ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनकी कैबिनेट पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा,
'यह बिहार की जनता के मुंह पर तमाचा है। कुछ लोगों को सिर्फ इसलिए मंत्री बनाया गया क्योंकि उनके पिता राजनीति में हैं। भ्रष्ट और आपराधिक पृष्ठभूमि वाले नेताओं को भी शामिल किया गया।'
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब बिहार की जनता की परवाह नहीं करते। प्रशांत किशोर ने कहा कि उनकी राजनीति महात्मा गांधी के धैर्य और दृढ़ता के सिद्धांतों पर आधारित है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बीजेपी ने हमारा मनोबल तोड़ने की कोशिश की, लेकिन हम पीछे नहीं हटेंगे। हम सरकार बदलकर रहेंगे।










