पंजाब पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती में आवेदन के लिए उम्मीदवार का 12वीं पास होना जरूरी है, जबकि एक्स-सर्विसमैन के लिए 10वीं योग्यता निर्धारित की गई है। भर्ती प्रक्रिया में लिखित परीक्षा और फिजिकल टेस्ट शामिल होंगे। चयनित उम्मीदवारों को डिस्ट्रिक्ट और आर्म्ड पुलिस कैडर में नियुक्ति दी जाएगी।
Punjab Police Constable Recruitment 2026: Punjab Police ने कॉन्स्टेबल पदों पर बड़ी भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की है, जिसके तहत हजारों पद भरे जाएंगे। भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 10 मार्च 2026 से ऑनलाइन शुरू होगी और इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। इस भर्ती में 12वीं पास अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं, जबकि पूर्व सैनिकों के लिए न्यूनतम योग्यता 10वीं रखी गई है। चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा के बाद फिजिकल स्टैंडर्ड टेस्ट आयोजित किया जाएगा, जिसके आधार पर अंतिम मेरिट सूची तैयार की जाएगी।
योग्यता और उम्र सीमा क्या है
इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना अनिवार्य है। हालांकि पूर्व सैनिक यानी एक्स-सर्विसमैन उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास निर्धारित की गई है।
इसके साथ ही उम्मीदवार का 10वीं कक्षा पंजाबी विषय के साथ पास होना या पंजाबी भाषा से संबंधित समकक्ष परीक्षा पास होना जरूरी है। आयु सीमा की बात करें तो 1 जनवरी 2026 तक उम्मीदवार की न्यूनतम उम्र 18 वर्ष और अधिकतम उम्र 28 वर्ष तय की गई है। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
पंजाब पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा। नए अभ्यर्थियों को अपनी व्यक्तिगत जानकारी दर्ज करके अकाउंट बनाना होगा।
रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद उम्मीदवार को लॉग इन आईडी और पासवर्ड मिलेगा, जिसकी मदद से आवेदन फॉर्म भरना होगा। फॉर्म में सभी जरूरी जानकारी ध्यान से भरने के बाद पहचान पत्र, 10वीं की मार्कशीट, पता प्रमाण, पासपोर्ट साइज फोटो और हस्ताक्षर की स्कैन कॉपी अपलोड करनी होगी। इसके बाद आवेदन शुल्क जमा कर फॉर्म सबमिट करना होगा और भविष्य के लिए उसका प्रिंट आउट सुरक्षित रखना चाहिए।
चयन प्रक्रिया और परीक्षा पैटर्न
भर्ती प्रक्रिया में उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा और फिजिकल टेस्ट से गुजरना होगा। लिखित परीक्षा में जनरल अवेयरनेस, क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड, न्यूमेरिकल स्किल्स, मेंटल एबिलिटी, लॉजिकल रीजनिंग, अंग्रेजी भाषा, पंजाबी भाषा और डिजिटल लिटरेसी से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा में निगेटिव मार्किंग भी लागू होगी।
लिखित परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को फिजिकल स्टैंडर्ड टेस्ट (PST) के लिए बुलाया जाएगा। इस चरण में रनिंग, लॉन्ग जंप, हाई जंप और उम्मीदवार की ऊंचाई का परीक्षण किया जाएगा। सभी चरणों में सफल होने वाले उम्मीदवारों को अंतिम मेरिट सूची में शामिल किया जाएगा।












