Railway Vacancy 2026: रेलवे में अप्रेंटिस के 2008 पदों पर भर्ती, 7 अक्टूबर से आवेदन,बिना परीक्षा चयन

Railway Vacancy 2026 में 2008 अप्रेंटिस पदों पर भर्ती होगी। 10वीं-ITI पास उम्मीदवार 7 अक्टूबर से 6 नवंबर तक आवेदन कर सकेंगे। चयन मेरिट से होगा।

रेलवे रिक्रूटमेंट सेल जयपुर ने नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे में अप्रेंटिस के 2008 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। 10वीं और ITI पास उम्मीदवार 7 अक्टूबर से 6 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे।

नई दिल्ली: रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अप्रेंटिसशिप का मौका है। रेलवे रिक्रूटमेंट सेल (RRC), जयपुर ने नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे में अप्रेंटिस के 2008 पदों पर भर्ती की घोषणा की है। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 7 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी और उम्मीदवार 6 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। इस भर्ती में चयन के लिए परीक्षा और इंटरव्यू नहीं होगा।

10वीं और ITI पास उम्मीदवार कर सकते हैं आवेदन

RRC NWR Apprentice Recruitment 2026 में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का मान्यता प्राप्त बोर्ड से न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ 10वीं कक्षा उत्तीर्ण होना जरूरी है। इसके साथ ही अभ्यर्थी के पास संबंधित ट्रेड में ITI की योग्यता भी होनी चाहिए।

आयु सीमा की बात करें तो 6 नवंबर 2026 को उम्मीदवार की न्यूनतम उम्र 15 वर्ष और अधिकतम आयु 24 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

6 नवंबर तक भर सकेंगे ऑनलाइन फॉर्म

इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट RRC Jaipur पर जाकर आवेदन कर सकेंगे। ऑफलाइन या किसी अन्य माध्यम से भेजे गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

आवेदन करने वाले सामान्य और अन्य वर्गों के उम्मीदवारों को 100 रुपये शुल्क जमा करना होगा। वहीं एससी, एसटी और पीडब्ल्यूबीडी वर्ग के उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क से छूट दी गई है।

अलग-अलग डिवीजन में 2008 पद

नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे की इस भर्ती के तहत विभिन्न डिवीजन और वर्कशॉप में कुल 2008 अप्रेंटिस पदों पर नियुक्ति की जाएगी। डिवीजनल रेलवे मैनेजर ऑफिस जयपुर में 580, डिवीजनल रेलवे मैनेजर बीकानेर में 524 और डिवीजनल रेलवे मैनेजर ऑफिस अजमेर में 500 पद हैं।

डिवीजनल रेलवे मैनेजर ऑफिस जोधपुर में 134 पद, बीटीसी कैरिज अजमेर में 101 पद और बीटीसी लोको अजमेर में 69 पद निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा कैरिज वर्क शॉप जोधपुर में 67 और कैरिज वर्क शॉप बीकानेर में 33 पद हैं। इस तरह कुल रिक्तियों की संख्या 2008 है।

मेरिट के आधार पर होगा चयन

इस भर्ती में उम्मीदवारों को चयन के लिए किसी लिखित परीक्षा या इंटरव्यू में शामिल नहीं होना होगा। अभ्यर्थियों की शैक्षिक योग्यता के आधार पर सीधे मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी। मेरिट लिस्ट में स्थान पाने वाले उम्मीदवारों को केवल दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

इच्छुक उम्मीदवार आवेदन शुरू होने के बाद आधिकारिक वेबसाइट rrb.indianrailways.gov.in पर जाकर भर्ती से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों और पात्रता शर्तों को ध्यान से पढ़कर ही आवेदन प्रक्रिया पूरी करें।

Leave a comment