राजस्थान पुलिस ने 19 साल से फरार 25 हजार के इनामी आरोपी रमजान अली को मुंबई से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने गांव में पत्नी छोड़कर दूसरी शादी कर ली थी और नई पहचान बनाकर गार्ड की नौकरी कर रहा था।
झुंझुनूं: राजस्थान पुलिस ने 19 साल से फरार चल रहे एक 25 हजार के ईनामी कबूतरबाज को आखिरकार मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं — गांव में पत्नी को छोड़कर मुंबई भागा, नई पहचान बनाई, दूसरी शादी की और नकली दस्तावेज़ों के सहारे वर्षों तक गुमनाम जिंदगी जीता रहा। लेकिन राजस्थान में झुंझुनूं जिले की बिसाऊ थाना पुलिस ने अपनी सूझबूझ और गुप्त रणनीति से उसे मुंबई के जोगेश्वरी इलाके से धर दबोचा।
19 साल से फरार ठग गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रमजान अली (50) निवासी कासली, थाना धोद, जिला सीकर (राजस्थान) के रूप में हुई है। साल 2007 में उस पर कबूतरबाजी यानी लोगों को विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने के दो मामले दर्ज किए गए थे। उसने दो ग्रामीणों से डेढ़ लाख रुपये लेकर उन्हें विदेश भेजने का वादा किया था, लेकिन रकम हड़पकर फरार हो गया।
पुलिस ने कई बार उसके ठिकानों पर छापेमारी की, मगर वह हर बार बच निकलता रहा। आखिरकार उसे भगोड़ा घोषित कर 25,000 रुपये का इनाम रखा गया। करीब 19 वर्षों तक पुलिस उसकी तलाश में रही, लेकिन आरोपी अपनी पहचान बदलकर महाराष्ट्र की आर्थिक राजधानी मुंबई में नई जिंदगी बिता रहा था।
पहचान बदलकर मुंबई में रचाई दूसरी शादी
फरारी के दौरान रमजान अली ने खुद की पूरी पहचान बदल ली थी। उसने अपने पिता का नाम बदलकर नया आधार कार्ड बनवाया और खुद को “अली” नाम से पेश करने लगा। स्थानीय लोगों के बीच वह मजदूरी और बाद में गार्ड की नौकरी करने लगा। बताया जा रहा है कि उसने मुंबई में एक महिला से दूसरी शादी भी कर ली थी, जबकि गांव में उसकी पहली पत्नी अब भी रहती है।
पुलिस के मुताबिक, रमजान ने अपने अतीत को छिपाने के लिए हर संभव कोशिश की थी। उसने किसी से अपना असली गांव या परिवार का जिक्र तक नहीं किया और पिछले कुछ सालों से जोगेश्वरी ईस्ट में किराए के मकान में रह रहा था।
भेष बदलकर पुलिस ने चलाया ऑपरेशन
बिसाऊ थाना अधिकारी महेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीम मुंबई रवाना हुई। टीम में हेड कांस्टेबल बीरबल और कांस्टेबल श्रीराम शामिल थे। दोनों पुलिसकर्मी वहां मोबाइल कंपनी के प्रतिनिधि बनकर पहुंचे और “सिम वेरिफिकेशन” के बहाने इलाके की रैकी शुरू की।
टीम ने दो दिन तक मुंबई के बोरीवली, अंधेरी, गोरेगांव और जोगेश्वरी इलाकों में भेष बदलकर आरोपी के संभावित ठिकानों की तलाश की। आखिरकार उन्हें सूचना मिली कि जोगेश्वरी ईस्ट स्थित एक सोसाइटी में “अली” नाम का व्यक्ति सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम कर रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बिना किसी हंगामे के उसे गिरफ्तार कर लिया।













