रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस को रेलवे बोर्ड की मंजूरी, सप्ताह में दो दिन चलेगी नई ट्रेन सेवा

रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस ट्रेन को रेलवे बोर्ड से मंजूरी मिल गई है। नई ट्रेन सेवा सप्ताह में शुक्रवार और रविवार को संचालित होगी।

रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस ट्रेन को रेलवे बोर्ड से मंजूरी मिल गई है। यह ट्रेन सप्ताह में शुक्रवार और रविवार को चलेगी, हालांकि संचालन की आधिकारिक शुरुआत की तारीख अभी घोषित नहीं हुई है।

रामनगर: लंबे इंतजार के बाद रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस ट्रेन सेवा शुरू होने की तैयारी तेज हो गई है। रेलवे बोर्ड ने ट्रेन संचालन के दिन तय कर दिए हैं और अब गोरखपुर रेलवे से अंतिम अनुमति मिलने का इंतजार है। नई व्यवस्था के तहत यह ट्रेन सप्ताह में दो दिन यात्रियों को सुविधा देगी।

सप्ताह में दो दिन चलेगी रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस

रेलवे बोर्ड की ओर से जारी पत्र के अनुसार रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस सप्ताह में शुक्रवार और रविवार को संचालित की जाएगी। यह ट्रेन 15310 नंबर से रामनगर से सुबह 5:50 बजे रवाना होकर दोपहर 12:40 बजे देहरादून पहुंचेगी।

रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस को रेलवे बोर्ड की मंजूरी, सप्ताह में दो दिन चलेगी नई ट्रेन सेवा

वापसी में यही ट्रेन 15309 नंबर से देहरादून से शाम 3:55 बजे चलेगी और रात करीब 11:30 बजे रामनगर पहुंचेगी। रास्ते में ट्रेन काशीपुर, रोशनपुर, पीपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।

चंडीगढ़ एक्सप्रेस का बदला जाएगा संचालन पैटर्न

रामनगर-देहरादून सेवा के लिए मौजूदा चंडीगढ़ एक्सप्रेस का ही उपयोग किया जाएगा। यह ट्रेन फिलहाल सप्ताह में एक दिन चलती है, जबकि अन्य दिनों में लालकुआं-आनंद विहार एक्सप्रेस के रूप में संचालित होती है।

ट्रेन में कुल 17 कोच होंगे, जिनमें स्लीपर, एसी, सेकेंड सिटिंग, जनरल और चेयर कार कोच शामिल हैं। इससे यात्रियों को अलग-अलग श्रेणियों में यात्रा की सुविधा मिलेगी।

संचालन तिथि पर अभी फैसला बाकी

हालांकि रेलवे बोर्ड से संचालन को मंजूरी मिल चुकी है, लेकिन ट्रेन किस तारीख से शुरू होगी, इसकी आधिकारिक घोषणा अभी नहीं की गई है। रामनगर रेलवे स्टेशन अधीक्षक रामकुमार बर्णवाल ने बताया कि गोरखपुर रेलवे से अंतिम अनुमति मिलने के बाद ही संचालन शुरू किया जाएगा।

इसके अलावा देहरादून-काठगोदाम एक्सप्रेस के संचालन दिनों में भी बदलाव किया गया है। नई व्यवस्था के तहत यह ट्रेन सोमवार, मंगलवार, बुधवार, गुरुवार और शनिवार को चलेगी, लेकिन इसकी नई समय-सारिणी लागू होने की तारीख भी अभी तय नहीं हुई है।

Leave a comment