Rashmika Mandanna-Vijay Deverakonda Wedding: उदयपुर में होगी शादी! बेहद निजी रहेगा समारोह

Rashmika Mandanna-Vijay Deverakonda Wedding: उदयपुर में होगी शादी! बेहद निजी रहेगा समारोह

साउथ फिल्म इंडस्ट्री के सबसे चर्चित स्टार कपल रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा को लेकर लंबे समय से शादी की चर्चाएं चल रही थीं। अब इन अटकलों को और मजबूती मिली है। 

एंटरटेनमेंट न्यूज़: साउथ फिल्म इंडस्ट्री के चर्चित सितारे रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा जल्द ही शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। अक्टूबर में परिवार की मौजूदगी में गुपचुप सगाई करने के बाद अब दोनों 2026 में जीवनसाथी बनने की तैयारी कर रहे हैं। शादी की तारीख और स्थान का खुलासा एक करीबी सूत्र ने 'हिंदुस्तान टाइम्स' को किया। 

सूत्र के अनुसार, रश्मिका और विजय की शादी 26 फरवरी 2026 को उदयपुर के एक ऐतिहासिक महल में आयोजित की जाएगी। सगाई की तरह ही शादी को भी पूरी तरह निजी रखा जाएगा और इसमें केवल उनके करीबी लोग ही शामिल होंगे।

कब और कहां होगी रश्मिका–विजय की शादी?

सूत्रों के अनुसार, रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा की शादी 26 फरवरी 2026 को राजस्थान के खूबसूरत शहर उदयपुर में होने की तैयारी है। कपल ने इस खास मौके के लिए उदयपुर की एक ऐतिहासिक और शाही प्रॉपर्टी (महल) को फाइनल किया है। बताया जा रहा है कि दोनों पारंपरिक और रॉयल अंदाज़ में शादी करना चाहते हैं, लेकिन लाइमलाइट से दूर रहकर।

शादी की तैयारियों को लेकर कहा जा रहा है कि यह समारोह भी उनकी कथित सगाई की तरह बेहद सीमित और निजी होगा। किसी बड़े फिल्मी रिसेप्शन या भव्य इवेंट की फिलहाल कोई योजना नहीं है।

गुपचुप सगाई की चर्चा ने पकड़ा जोर

रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि रश्मिका और विजय ने अक्टूबर 2025 में हैदराबाद में परिवार की मौजूदगी में गुपचुप सगाई कर ली थी। हालांकि, दोनों कलाकारों ने सार्वजनिक रूप से इस सगाई की पुष्टि नहीं की है, लेकिन इंडस्ट्री सूत्रों और विजय देवरकोंडा की टीम से जुड़े लोगों ने संकेत दिए थे कि कपल फरवरी में शादी करेगा। इस गुपचुप सगाई की खबर सामने आने के बाद से ही फैंस शादी की तारीख जानने को उत्सुक थे।

हाल ही में एक फिल्मी इवेंट के दौरान विजय देवरकोंडा द्वारा रश्मिका मंदाना का हाथ चूमने का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था। इस पल ने एक बार फिर दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चाओं को हवा दे दी। हालांकि, दोनों सितारे अब तक अपने रिश्ते पर खुलकर कुछ भी कहने से बचते रहे हैं।

दो फिल्मों से शुरू हुई लव स्टोरी

रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा की नजदीकियां पहली बार 2018 की सुपरहिट फिल्म ‘गीता गोविंदम’ के दौरान चर्चा में आई थीं। इसके बाद दोनों ने 2019 में ‘डियर कॉमरेड’ में साथ काम किया। इन फिल्मों में उनकी केमिस्ट्री को दर्शकों ने खूब पसंद किया। इन प्रोजेक्ट्स के बाद से ही दोनों के लिंकअप की खबरें लगातार सुर्खियों में रहीं। फैंस का दावा है कि दोनों अक्सर एक साथ वेकेशन पर जाते हैं, हालांकि सोशल मीडिया पर अलग-अलग तस्वीरें शेयर करते हैं।

Leave a comment