ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी, न्यू ईयर Eve पर वाहनों की आवाजाही बंद

ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी, न्यू ईयर Eve पर वाहनों की आवाजाही बंद

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 31 दिसंबर 2025 को न्यू ईयर Eve पर कनॉट प्लेस और इंडिया गेट के आसपास वाहनों की एंट्री शाम 7 बजे से बंद करने की एडवाइजरी जारी की है। पार्किंग केवल तय जगहों पर मिलेगी।

Traffic Advisory​: दिल्ली में नए साल की पूर्व संध्या पर जश्न के लिए निकलने वाले लोगों को इस बार खास सतर्कता बरतनी होगी। 31 दिसंबर 2025 को संभावित भारी भीड़ को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कनॉट प्लेस और इंडिया गेट के आसपास कड़ी ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। पुलिस का साफ कहना है कि शाम 7 बजे के बाद कई प्रमुख रास्तों पर वाहनों की एंट्री बंद रहेगी और पार्किंग भी तय स्थानों पर ही मिलेगी।

नए साल पर उमड़ने वाली भीड़

हर साल 31 दिसंबर की शाम दिल्ली के कनॉट प्लेस, इंडिया गेट और आसपास के इलाकों में लाखों लोग नए साल का जश्न मनाने पहुंचते हैं। इस बार भी भारी भीड़ की उम्मीद है। इसी को ध्यान में रखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने पहले से विशेष इंतजाम किए हैं ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे और किसी तरह की अव्यवस्था न हो। यह ट्रैफिक व्यवस्था सभी निजी और सार्वजनिक वाहनों पर समान रूप से लागू होगी।

शाम 7 बजे के बाद कनॉट प्लेस में एंट्री बंद

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक 31 दिसंबर की शाम 7 बजे से लेकर न्यू ईयर सेलिब्रेशन खत्म होने तक कनॉट प्लेस की ओर किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी। यह रोक कनॉट प्लेस के इनर सर्कल, मिडल सर्कल और आउटर सर्कल तीनों पर लागू रहेगी। बिना वैध पास किसी भी वाहन को अंदर जाने नहीं दिया जाएगा।

इन प्वाइंट्स से आगे नहीं जा सकेंगे वाहन

शाम 7 बजे के बाद निम्नलिखित स्थानों से आगे वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। मंडी हाउस राउंडअबाउट। बंगाली मार्केट राउंडअबाउट। रंजीत सिंह फ्लाईओवर का उत्तरी छोर। मिंटो रोड और दीन दयाल उपाध्याय मार्ग का क्रॉसिंग। चेम्सफोर्ड रोड के पास मुंजे चौक। आर.के. आश्रम मार्ग और चित्रगुप्त मार्ग क्रॉसिंग। गोल मार्केट राउंडअबाउट। जी.पी.ओ. राउंडअबाउट नई दिल्ली। पटेल चौक। कस्तूरबा गांधी रोड और फिरोजशाह रोड क्रॉसिंग। जय सिंह रोड और बंगला साहिब लेन। विंडसर प्लेस राउंडअबाउट।

पार्किंग को लेकर सख्ती

कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में पार्किंग की व्यवस्था सीमित रहेगी। ट्रैफिक पुलिस ने साफ कहा है कि पार्किंग पहले आओ पहले पाओ के आधार पर होगी। गलत जगह वाहन पार्क करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और गाड़ी टो कर ली जाएगी। इसलिए लोग बिना योजना के निजी वाहन लेकर निकलने से बचें।

इन जगहों पर मिलेगी पार्किंग

गोल डाक खाना के पास काली बाड़ी मार्ग, पं. पंत मार्ग और भाई वीर सिंह मार्ग पर पार्किंग की सुविधा होगी। पटेल चौक के पास रकाब गंज रोड के पीछे ऑल इंडिया रेडियो के पास वाहन खड़े किए जा सकेंगे। मंडी हाउस के पास कोपरनिकस मार्ग से बड़ौदा हाउस तक पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। मिंटो रोड के पास दीन दयाल उपाध्याय मार्ग और प्रेस रोड इलाके में पार्किंग उपलब्ध होगी।

पहाड़गंज और आसपास की पार्किंग

पंचकुइयां रोड के पास आर.के. आश्रम मार्ग, चित्रगुप्त रोड और बसंत रोड की तरफ पहाड़गंज की ओर पार्किंग की जा सकेगी। के.जी. मार्ग और फिरोजशाह रोड क्रॉसिंग के पास कोपरनिकस लेन और के.जी. मार्ग से सी हेक्सागन की तरफ पार्किंग की अनुमति होगी। बंगाली मार्केट राउंडअबाउट के पास बाबर रोड और तानसेन मार्ग पर वाहन खड़े किए जा सकेंगे।

अन्य तय पार्किंग स्थान

विंडसर प्लेस के पास राजेंद्र प्रसाद रोड और रायसीना रोड पर पार्किंग होगी। गोल मार्केट के पास पेशवा रोड, भाई वीर सिंह मार्ग की सर्विस रोड और आर.के. आश्रम रोड पर पार्किंग की सुविधा दी गई है। बूटा सिंह राउंडअबाउट के पास जंतर मंतर रोड और रायसीना रोड पर भी वाहन खड़े किए जा सकते हैं।

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वालों के लिए सलाह

जो यात्री दक्षिण दिल्ली से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाना चाहते हैं उन्हें रानी झांसी रोड, मंदिर मार्ग और देशबंधु गुप्ता रोड जैसे वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। कनॉट प्लेस से चेम्सफोर्ड रोड की एंट्री बंद रहेगी। हालांकि पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर इस ट्रैफिक व्यवस्था का कोई असर नहीं पड़ेगा।

उत्तर से दक्षिण जाने के वैकल्पिक रास्ते

उत्तर से दक्षिण या दक्षिण से उत्तर की यात्रा करने वालों को रिंग रोड, मथुरा रोड, भैरो रोड और मदर टेरेसा क्रिसेंट जैसे रास्तों का इस्तेमाल करने को कहा गया है। आईएसबीटी से आश्रम तक रिंग रोड का प्रयोग किया जा सकता है। दिल्ली गेट, बहादुर शाह जफर मार्ग और मथुरा रोड के जरिए भी आश्रम की ओर जाया जा सकता है।

पूर्व से पश्चिम जाने वालों के लिए रूट

पूर्व से पश्चिम या पश्चिम से पूर्व जाने वाले लोग रिंग रोड, भैरो रोड, मथुरा रोड, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, आर.एम.एल. राउंडअबाउट, पार्क स्ट्रीट और शंकर रोड का इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे कनॉट प्लेस और मध्य दिल्ली के भीड़भाड़ वाले इलाकों से बचा जा सकेगा।

इंडिया गेट पर विशेष इंतजाम

31 दिसंबर को इंडिया गेट और उसके आसपास भी खास ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी। अगर पैदल चलने वालों की भीड़ ज्यादा बढ़ी तो सी हेक्सागन और इंडिया गेट इलाके में वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद कर दी जाएगी। वाहनों को क्यू पॉइंट, एम.एल.एन.पी. राउंडअबाउट, सुनेहरी मस्जिद राउंडअबाउट और मन सिंह रोड जनपथ राउंडअबाउट से डायवर्ट किया जाएगा।

डायवर्जन वाले प्रमुख प्वाइंट

राजपथ और रफी मार्ग। विंडसर प्लेस राउंडअबाउट। राजेंद्र प्रसाद रोड और जनपथ राउंडअबाउट। के.जी. मार्ग और फिरोजशाह रोड। मंडी हाउस राउंडअबाउट। डब्ल्यू पॉइंट। मथुरा रोड और पुराना किला रोड। मथुरा रोड और शेर शाह रोड। सुब्रमण्यम भारती मार्ग और जाकिर हुसैन मार्ग। सुब्रमण्यम भारती मार्ग और पांडारा रोड।

पब्लिक ट्रांसपोर्ट इस्तेमाल करने की अपील

इंडिया गेट इलाके में पार्किंग की जगह बहुत कम है। इसलिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मेट्रो और अन्य पब्लिक ट्रांसपोर्ट का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करें। दिल्ली चिड़ियाघर के पास भीड़ बढ़ने से मथुरा रोड पर जाम लग सकता है इसलिए भैरो रोड और मथुरा रोड से हजरत निजामुद्दीन से प्रगति मैदान जाने से बचने की सलाह दी गई है।

Leave a comment