Pune

रणबीर कपूर की एंट्री से 6 दिन में स्टॉक में 54% की तेजी! जानिये Prime Focus का ग्रोथ प्लान?

रणबीर कपूर की एंट्री से 6 दिन में स्टॉक में 54% की तेजी! जानिये Prime Focus का ग्रोथ प्लान?

प्राइम फोकस के शेयरों में बीते 6 दिनों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली है और यह स्टॉक करीब 54% चढ़ चुका है। इस उछाल की बड़ी वजह कंपनी की महत्वाकांक्षी योजनाएं हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर कंपनी में हिस्सेदारी लेने जा रहे हैं, जिससे कंपनी को ब्रांड वैल्यू और मीडिया कनेक्ट दोनों में मजबूती मिल सकती है।

शेयर बाजार में एक स्मॉलकैप कंपनी ने बीते छह कारोबारी दिनों में ऐसा तूफान मचाया कि निवेशक हैरान रह गए। बात हो रही है Prime Focus की, जिसका शेयर महज 6 दिन में 54 प्रतिशत चढ़ चुका है। शुक्रवार को शेयर ने ₹175.70 का नया रिकॉर्ड बनाया और कारोबार के दौरान 10 प्रतिशत की तेजी के साथ ट्रेड हुआ। दिलचस्प बात यह है कि इस तेजी के पीछे बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर की एंट्री और 3000 करोड़ की फिल्म सिटी प्रोजेक्ट की बड़ी घोषणा है।

शेयर इश्यू की घोषणा से बढ़ी तेजी

कंपनी ने 3 जुलाई को बोर्ड मीटिंग में 462.6 मिलियन नए इक्विटी शेयर जारी करने की मंजूरी दी। इस इश्यू की कुल वैल्यू ₹5,552 करोड़ है। इन नए शेयरों को दो हिस्सों में जारी किया जाएगा।

पहला हिस्सा, 430.1 मिलियन शेयर, कंपनी अपनी यूरोपीय सब्सिडियरी DNEG S.a.r.l के कुछ शेयरों के बदले देगी। इस शेयर स्वैप की कीमत ₹5,161 करोड़ है। वहीं बाकी 32.5 मिलियन शेयर कंपनी सीधे फंड जुटाने के लिए जारी करेगी, जिसकी वैल्यू ₹390.5 करोड़ बताई गई है।

रणबीर कपूर को मिलेंगे 12.5 लाख शेयर

इस इश्यू में कई बड़े और जाने-माने गैर-प्रमोटर निवेशक भी शामिल हैं। बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर को 12.5 लाख शेयर आवंटित किए जाएंगे। इनके अलावा Singularity Equity Fund और Axana Estates LLP को 20.8 लाख-20.8 लाख शेयर मिलेंगे। सबसे बड़ा हिस्सा Novator Capital Ltd को मिलने वाला है, जिसे इस इश्यू में 11.1 करोड़ शेयर दिए जाएंगे।

यह इश्यू कंपनी की ग्रोथ रणनीति का हिस्सा है, जिसके जरिए वह ग्लोबल कंटेंट और टेक्नोलॉजी स्पेस में अपनी स्थिति को और मजबूत करना चाहती है।

मुंबई में बनेगी अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी फिल्म सिटी

2 मई को Prime Focus ने महाराष्ट्र सरकार के साथ एक अहम समझौता किया। कंपनी मुंबई में ₹3,000 करोड़ की लागत से एक अत्याधुनिक फिल्म सिटी बनाने जा रही है। यह प्रोजेक्ट करीब 200 एकड़ जमीन पर बनेगा और इसके जरिए 2500 से ज्यादा लोगों को रोज़गार मिलने की उम्मीद है।

कंपनी का दावा है कि यह फिल्म सिटी दुनिया की सबसे उन्नत डिजिटल कंटेंट प्रोडक्शन फैसिलिटी होगी। इसमें न सिर्फ बॉलीवुड बल्कि हॉलीवुड और इंटरनेशनल फिल्म प्रोडक्शन हाउस भी अपनी रुचि दिखा सकते हैं। इस प्रोजेक्ट के जरिए टूरिज्म को भी नया बढ़ावा मिलेगा।

VFX और पोस्ट-प्रोडक्शन इंडस्ट्री की ग्रोथ पर नजर

Prime Focus की ताज़ा रिपोर्ट के अनुसार भारत का मीडिया और एंटरटेनमेंट सेक्टर आने वाले वर्षों में तेज़ी से बढ़ेगा। 2026 तक VFX, एनीमेशन और पोस्ट-प्रोडक्शन इंडस्ट्री का कुल मार्केट साइज़ ₹18,500 करोड़ तक पहुंचने का अनुमान है।

  • एनीमेशन से आमदनी हो सकती है ₹5,600 करोड़
  • VFX से मिलेगी ₹8,300 करोड़ की कमाई
  • पोस्ट-प्रोडक्शन से उम्मीद है ₹4,600 करोड़

सरकार इस सेक्टर को 30 प्रतिशत तक की लागत सब्सिडी दे रही है, जिससे विदेशी निवेशक भी भारत में निवेश को लेकर उत्साहित हैं।

वैश्विक बाजार में दिखा सकारात्मक माहौल

अमेरिका और यूरोप में एडल्ट एनीमेशन और हाई-क्वालिटी VFX की डिमांड तेजी से बढ़ रही है। खासकर अमेरिका में एडल्ट एनीमेशन की मांग 152 प्रतिशत बढ़ चुकी है। इसका सीधा फायदा भारतीय स्टूडियोज़ को मिल सकता है। Prime Focus जैसी कंपनियां, जिनके पास पहले से इंटरनेशनल क्लाइंट बेस है, इस मौके को भुनाने की स्थिति में हैं।

निवेशकों का बढ़ता भरोसा

मार्च 2025 में Prime Focus का शेयर 52 हफ्तों के लो ₹85 पर था। वहां से अब तक यह 107 प्रतिशत चढ़ चुका है। इसका मतलब है कि जिन्होंने केवल 3-4 महीने पहले निवेश किया था, उनका पैसा दोगुना हो चुका है।

FY24 की रिपोर्ट के अनुसार कंपनी के रेवेन्यू में लगातार सुधार हो रहा है और भविष्य के प्रोजेक्ट्स पर बाजार का भरोसा बढ़ता जा रहा है। रणबीर कपूर जैसे निवेशक की एंट्री और इतने बड़े स्केल पर फिल्म सिटी की घोषणा ने निवेशकों का मनोबल और मजबूत किया है।

Leave a comment