Pune

रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ से उठा पर्दा, टीजर में लहूलुहान अवतार ने मचाया तहलका, जानें कब रिलीज होगी ये ब्लॉकबस्टर फिल्म!

रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ से उठा पर्दा, टीजर में लहूलुहान अवतार ने मचाया तहलका, जानें कब रिलीज होगी ये ब्लॉकबस्टर फिल्म!

आज, यानी 6 जुलाई को रणवीर सिंह अपना 40वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर उनकी आने वाली फिल्म धुरंधर के निर्माताओं ने फिल्म का टीजर जारी किया, जिसने इंटरनेट पर धमाल मचा दिया है। 

Dhurandhar: बॉलीवुड के एनर्जेटिक स्टार रणवीर सिंह ने अपने 40वें जन्मदिन पर फैंस को शानदार तोहफा दे दिया है। उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘धुरंधर’ का टीजर आज यानी 6 जुलाई को जारी कर दिया गया, जिसने इंटरनेट पर रिलीज होते ही धमाका मचा दिया। आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणवीर के साथ आर माधवन, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल और अक्षय खन्ना जैसे धुरंधर कलाकार नजर आने वाले हैं।

टीजर की शुरुआत रणवीर के बैक शॉट से होती है, जिसमें वो घायल लेकिन मजबूत इरादों के साथ चलते नजर आते हैं। उनके इस अंदाज ने फैंस को पद्मावत के अलाउद्दीन खिलजी की याद दिला दी। लेकिन इस बार रणवीर का किरदार कहीं ज्यादा घातक और खतरनाक नजर आ रहा है।

एक्शन, ड्रामा और जासूसी का जोरदार कॉम्बिनेशन

टीजर में जैसे-जैसे सीन सामने आते हैं, उसमें जबरदस्त एक्शन, खूनी संघर्ष, तेज स्टंट और भावनात्मक ड्रामा नजर आता है। रणवीर सिंह का एक डायलॉग — “मैं घायल हूं इसलिए घातक हूं”, सुनकर रोंगटे खड़े हो जाते हैं। बैकग्राउंड में बजता पंजाबी बीट्स वाला गाना टीजर को और धमाकेदार बना देता है। माना जा रहा है कि ‘धुरंधर’ में रणवीर एक जासूस की भूमिका में दिखेंगे, जो भारत और पाकिस्तान के बीच एक सीक्रेट मिशन पर काम करता है। फिल्म की कहानी 70 के दशक से लेकर वर्तमान तक फैली हुई है, जिसमें भारत-पाकिस्तान के रिश्तों और जासूसी दुनिया के खतरनाक खेल को दिखाया जाएगा।

टीजर में सनी देओल का सरप्राइज एंट्री

टीजर में सबसे बड़ा सरप्राइज सनी देओल की झलक थी। किसी को अंदाजा नहीं था कि सनी भी इस फिल्म का हिस्सा हैं। उनकी एंट्री ने दर्शकों का उत्साह और बढ़ा दिया। रणवीर और सनी के डायलॉग एक्सचेंज की झलक देख फैंस को घातक और घायल जैसी पुरानी सनी देओल फिल्मों की याद आ गई। रणवीर के साथ इस फिल्म में आर माधवन, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल और अक्षय खन्ना भी दमदार भूमिकाओं में नजर आएंगे। टीजर में माधवन की आवाज सुनाई देती है, जो कहानी को रहस्यमयी बनाने में मदद करती है।

फैंस में दिखा जबरदस्त क्रेज

टीजर सामने आते ही सोशल मीडिया पर #DhurandharTeaser ट्रेंड करने लगा। रणवीर सिंह के फैंस उनके लहूलुहान और दमदार अंदाज की जमकर तारीफ कर रहे हैं। टीजर के विजुअल्स और बैकग्राउंड म्यूजिक को भी लोग खूब पसंद कर रहे हैं। कुछ यूजर्स ने लिखा, रणवीर इस बार फिर हिला देगा थिएटर! सनी देओल और रणवीर एक साथ? बॉक्स ऑफिस पर तबाही तय!

निर्देशक आदित्य धर ने पहले उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक जैसी सुपरहिट फिल्म देकर अपना जलवा दिखाया था। अब ‘धुरंधर’ के साथ वह फिर से एक पावरफुल स्क्रिप्ट लेकर लौट रहे हैं। फिल्म 5 दिसंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस फिल्म में एक्शन, राजनीति, कॉमेडी और इमोशन का जबरदस्त मिक्स बताया जा रहा है। खास बात यह भी है कि ‘धुरंधर’ में 70 के दशक से लेकर मौजूदा समय की राजनीति और भारत-पाक रिश्तों की परतों को दिखाया जाएगा, जिसमें जासूसी और देशभक्ति का एंगल भी होगा।

रणवीर सिंह को उनकी एनर्जी और डेडिकेशन के लिए जाना जाता है, लेकिन सूत्रों की मानें तो ‘धुरंधर’ उनका अब तक का सबसे चुनौतीपूर्ण रोल हो सकता है। घायल, टूटा-फूटा लेकिन खतरनाक जासूस — ये किरदार रणवीर के फैन्स को नए सिरे से सरप्राइज देने वाला है।

Leave a comment