साइबर फ्रॉड पर लगाम लगाने के लिए सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। अब अगर किसी के नाम पर रजिस्टर्ड सिम का दुरुपयोग होता है, तो सिर्फ अपराधी ही नहीं बल्कि सिम धारक भी जिम्मेदार माना जाएगा। IMEI छेड़छाड़ और फर्जी सिम पर भी कड़ी कार्रवाई तय है।
Cyber Fraud Rules: साइबर अपराधों पर काबू पाने के लिए दूरसंचार विभाग ने नए सख्त नियम लागू किए हैं, जिनके तहत अब किसी भी व्यक्ति के नाम पर रजिस्टर्ड सिम कार्ड का गलत इस्तेमाल होने पर सिम धारक को भी जिम्मेदार माना जाएगा। यह फैसला पूरे देश में लागू होगा और इसका सीधा असर आम मोबाइल यूजर्स पर पड़ेगा। सरकार का मकसद फर्जी सिम, IMEI से छेड़छाड़, कॉलर आईडी बदलने वाले ऐप्स और डिजिटल धोखाधड़ी पर पूरी तरह रोक लगाना है।
यूजर को रहना होगा अलर्ट
दूरसंचार विभाग ने खास तौर पर छेड़छाड़ किए गए IMEI नंबर वाले मोबाइल फोन के इस्तेमाल को लेकर चेतावनी दी है। ऐसे डिवाइस इस्तेमाल करने वाले, बेचने वाले या खरीदने वाले सभी लोगों पर कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सिम कार्ड लेने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई तय है।
इसके साथ ही कॉलर आईडी बदलने वाले ऐप्स और वेबसाइट्स पर भी सरकार की नजर है। विभाग ने साफ कहा है कि ऐसे टूल्स का इस्तेमाल साइबर क्राइम को बढ़ावा देता है, इसलिए इनसे दूरी बनाए रखना जरूरी है। अगर जांच में किसी का नाम सामने आता है तो कानूनी कार्रवाई से बचना मुश्किल होगा।
![]()
IMEI से छेड़छाड़ पर भारी सजा और जुर्माने का प्रावधान
कानून के तहत अगर कोई व्यक्ति टेलीकम्युनिकेशन आइडेंटिफायर यानी IMEI नंबर से छेड़छाड़ करता है, तो उसे तीन साल तक की जेल और 50 लाख रुपये तक का जुर्माना या दोनों हो सकते हैं। IMEI बदलने वाले उपकरणों का इस्तेमाल, निर्माण या संग्रह करना भी पूरी तरह अवैध घोषित किया गया है।
नई गाइडलाइंस के अनुसार अब भारत में बनने वाले हर मोबाइल फोन, मॉड्यूल, मॉडम और सिम बॉक्स का IMEI नंबर बिक्री, टेस्टिंग या रिसर्च से पहले सरकारी Device Setu (ICDR) पोर्टल पर रजिस्टर कराना अनिवार्य होगा। विदेश से आयात होने वाले डिवाइस पर भी यह नियम लागू होगा।










