उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में शनिवार को बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह की सगाई का भव्य समारोह आयोजित किया जा रहा है। इस मौके पर उनकी होने वाली दुल्हन मेघना चौधरी के साथ पहली तस्वीर भी सामने आई है। पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पौत्र संदीप सिंह की सगाई को लेकर परिवार में उत्साह का माहौल है। समारोह के लिए तालानगरी में करीब 100 बीघा मैदान में भव्य पंडाल तैयार किया गया है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत प्रदेश और देश के कई बड़े नेताओं के शामिल होने की संभावना है।
संदीप सिंह की सगाई मेघना चौधरी के साथ हो रही है। दोनों की पहली मुलाकात अलीगढ़ के दिल्ली पब्लिक स्कूल में पढ़ाई के दौरान हुई थी। मेघना का परिवार मूल रूप से अलीगढ़ जिले के गोंडा क्षेत्र का रहने वाला है और फिलहाल गाजियाबाद में रहता है। स्कूल के दिनों की दोस्ती अब वैवाहिक रिश्ते में बदलने जा रही है।
इस समारोह में संदीप सिंह के छोटे भाई सौरभ सिंह वर्मा की भी अंतरा त्यागी के साथ सगाई हो रही है। दोनों भाइयों की सगाई एक ही दिन और एक ही मंच से आयोजित की जा रही है। इसी वजह से समारोह का आयोजन बड़े स्तर पर किया गया है। कार्यक्रम स्थल को आकर्षक तरीके से सजाया गया है। सजावट में थाईलैंड के ऑर्किड और नीदरलैंड के ट्यूलिप समेत विदेशी फूलों का इस्तेमाल किया गया है।
समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की तस्वीर भी मंच पर लगाई गई है। परिवार के इस खास आयोजन में उनकी यादों को विशेष स्थान दिया गया है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य समेत कई प्रमुख अतिथियों के पहुंचने का कार्यक्रम है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब 700 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
आयोजन में बड़ी संख्या में मेहमानों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए खाने-पीने और पार्किंग की व्यापक व्यवस्था की गई है। करीब डेढ़ लाख लोगों के भोजन का इंतजाम किया गया है और मेहमानों के लिए 80 तरह के व्यंजन तैयार किए जा रहे हैं। इसके अलावा वीवीआईपी और सामान्य मेहमानों के प्रवेश के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई है। n
सगाई समारोह के बाद संदीप सिंह और मेघना चौधरी का विवाह 26 नवंबर को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में प्रस्तावित है। इसके अगले दिन यानी 27 नवंबर को रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा। परिवार की ओर से कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियों को विवाह समारोह का निमंत्रण भी भेजा गया है।











